Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिंदी को वैश्विक पटल पर सर्वोच्च स्थान दिलाना हमारा सामूहिक संकल्प: सांसद सिकंदर कुमार

August 14, 2026

हिंदी को वैश्विक पटल पर सर्वोच्च स्थान दिलाना हमारा सामूहिक संकल्प: सांसद सिकंदर कुमार

शिमलाः विदेश मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक विदेश राज्य मंत्री डॉ. कीर्तिवर्धन सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्यसभा सांसद एवं समिति के सदस्य प्रोफेसर (डॉ.) सिकंदर कुमार ने सक्रिय रूप से भाग लिया और हिंदी को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने तथा दैनिक प्रशासनिक कार्यों में इसके अधिकाधिक उपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण एवं दूरगामी सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज जब भारत वैश्विक मंचों पर नेतृत्वकारी भूमिका में है, ऐसे में हिंदी को विश्व भाषा (ग्लोबल लैंग्वेज) बनाना समय की मांग है।

डॉ. सिकंदर कुमार ने संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में पूर्ण मान्यता दिलाने के लिए अब तक हुए प्रयासों की समीक्षा करने और इसे और अधिक गति प्रदान करने की बात कही, ताकि वैश्विक मंच पर हिंदी का मान और बढ़े। उन्होंने सुझाव दिया कि विदेश मंत्रालय को विश्वभर में उन देशों की पहचान (Mapping/Identification) करनी चाहिए जहाँ हिंदी व्यापक रूप से बोली व समझी जाती है।

साथ ही, जिन देशों में हिंदी का प्रचलन अभी कम है, वहाँ मंत्रालय को भविष्य की कार्ययोजना तैयार कर नए ‘हिंदी सेंटर्स’ खोलने चाहिए, जिससे विदेशी नागरिक भी सहजता से हिंदी सीख सकें। सांसद ने बल दिया कि विदेश मंत्रालय के आंतरिक पत्राचार, फाइलों के निपटान और प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को अनिवार्य रूप से बढ़ावा दिया जाए। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी हिंदी में संवाद को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

प्रवासियों और विदेशी नागरिकों को हिंदी से जोड़ने के लिए उन्होंने सुझाव दिया कि विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों, उच्चायोगों, पासपोर्ट सेवा केंद्रों और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों (Airports) के लाउंज में उत्कृष्ट हिंदी पत्र-पत्रिकाएं, दैनिक समाचार पत्र और हिंदी साहित्य उपलब्ध कराया जाए। विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइटों, मोबाइल ऐप्स और सोशल मीडिया हैंडल्स पर हिंदी सामग्री को और अधिक सुगम, आकर्षक तथा अद्यतन (Updated) बनाया जाए, ताकि युवा पीढ़ी और डिजिटल उपभोक्ता सीधे जुड़ सकें।

विदेशों में स्थित भारतीय सांस्कृतिक केंद्रों के माध्यम से समय-समय पर हिंदी वाद-विवाद, कविता पाठ, निबंध लेखन व साहित्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं में हिंदी भाषा के प्रति रुचि जागृत हो।

बैठक के अंत में डॉ. सिकंदर कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और विदेश मंत्रालय के समर्पित प्रयासों से हिंदी बहुत जल्द वैश्विक पटल पर एक सशक्त वैश्विक भाषा के रूप में अपनी अमिट पहचान स्थापित करेगी। समिति के अध्यक्ष एवं विदेश राज्य मंत्री डॉ. कीर्तिवर्धन सिंह ने सांसद डॉ. सिकंदर कुमार द्वारा दिए गए सभी व्यावहारिक और रचनात्मक सुझावों की सराहना की और इन पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें