Dainik Savera Times

युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले भी बनें : सिकंदर कुमार

MP Urges Youth to Contribute to a Developed India : शिमला। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्रो. डॉ. सिकंदर कुमार ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘हमीर संगम’ में विद्यार्थियों से शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

हमीरपुर स्टूडेंट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से उनका जुड़ाव वर्ष 1985 से रहा है और यहां से मिले अनुभवों ने उनके सार्वजनिक जीवन को दिशा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन अपनाने और नौकरी तलाशने के साथ रोजगार सृजन पर भी ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने पर्यटन, बागवानी, आईटी, हरित ऊर्जा और स्टार्टअप को हिमाचल के युवाओं के लिए संभावनाओं वाले क्षेत्र बताया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1985 से उनका इस विश्वविद्यालय के साथ गहरा नाता रहा है। इसी विश्वविद्यालय में उन्हें शिक्षा ग्रहण करने, विद्यार्थियों के बीच कार्य करने तथा संस्थान का नेतृत्व करने का अवसर प्राप्त हुआ। विश्वविद्यालय से मिली शिक्षा, संस्कार और अनुभवों ने उन्हें सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और आज राज्यसभा सांसद के रूप में देश एवं प्रदेश की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शिक्षा, अनुसंधान, प्रशासन, राजनीति, सामाजिक सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाएं देश को दी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और शिक्षा के साथ अनुशासन, परिश्रम, चरित्र निर्माण तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार होने का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीक, नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास को अपनाकर हिमाचल प्रदेश तथा देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को विकसित भारत के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति माना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप, उद्यमिता, अनुसंधान और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, अटल इनोवेशन मिशन और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना जैसी पहलों ने युवाओं के लिए नए अवसरों का विस्तार किया है। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भारत के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें सही मार्गदर्शन, आधुनिक शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए पर्यटन, बागवानी, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मास्यूटिकल उद्योग, प्राकृतिक खेती, खाद्य प्रसंस्करण, हरित ऊर्जा और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नौकरी प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजन करने की दिशा में भी आगे बढ़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, डिजिटल भुगतान, बुनियादी ढांचे के विस्तार और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में दसवें स्थान के आसपास था और इसके बाद देश की अर्थव्यवस्था का आकार उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति का लाभ युवाओं तक पहुंचाने के लिए शिक्षा, उद्यमिता, विनिर्माण और कौशल विकास को मजबूत करना आवश्यक है। डॉ. सिकंदर कुमार ने कांग्रेस के आर्थिक प्रबंधन की आलोचना करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय आर्थिक विकास, महंगाई, भ्रष्टाचार के आरोपों और नीतिगत अनिश्चितता जैसे मुद्दों पर गंभीर सवाल उठते रहे।

Exit mobile version