Dainik Savera Times

‘… स्कूल में शुरू होंगी संगीत की कक्षाएं’, अंडर-14 जोनल टूर्नामेंट के समापन पर उपमुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा

शिमला: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगड़ में आयोजित तीन दिवसीय 41वीं अंडर-14 लड़कों की जोन हरोली खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। 3 से 5 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 35 स्कूलों के 346 खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, शतरंज, कुश्ती और बैडमिंटन सहित छह खेलों में भाग लिया।

उपमुख्यमंत्री ने विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा विद्यार्थियों को खेलों के साथ-साथ शिक्षा एवं अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हरोली को शिक्षा और खेलों का हब बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कांगड़ स्कूल में अगले वर्ष से संगीत शिक्षा की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल में चार कमरों वाले अतिरिक्त भवन के निर्माण, सोलर पावर प्लांट लगाने तथा पानी की निकासी के लिए बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की भी घोषणा की। उन्होंने संबंधित विभाग के एक्सईएन को ड्रेनेज व्यवस्था के लिए तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांगड़ के वार्ड नंबर-2 और वार्ड नंबर-5 की गलियों के सुधार एवं निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

इससे पहले उन्होंने स्कूल में 13.75 लाख से निर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) से स्कूल को आगे बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली का दूसरा भवन अगले वर्ष तक तैयार हो जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को अतिरिक्त एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि अगले सत्र से महाविद्यालय में एमएससी, लॉ और संगीत की कक्षाएं शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने खेल शिक्षकों, डीपीई और पीईटी से अपना विजन साझा करने का आह्वान किया, ताकि हरोली को खेलों का हब बनाने की दिशा में आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा सकें। उन्होंने कहा कि कांगड़ मैदान में होली के उपलक्ष्य में मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रधान को मेले के आयोजन की रूपरेखा तैयार करने को कहा, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में केंद्र सरकार की मदद से बन रहे विभिन्न पुलों को लेकर कहा कि विकास कार्यों के लिए केंद्र से धनराशि उपलब्ध करवाना भी एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र से धनराशि लाने के लिए लगातार प्रयास करने की आवश्यकता होती है। प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर केंद्र से धनराशि प्राप्त कर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में दो और पुलों के निर्माण के लिए सहमति प्रदान की है।

उपमुख्यमंत्री ने नवाजे विजेता

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विजेता, उपविजेता आतीमों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

कार्यक्रम में कांगड़ के प्रधान विनोद बिट्टू ने कांगड़ क्षेत्र में अतुलनीय विकास के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देश राज गौतम, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, ग्राम पंचायत कांगड़ के प्रधान विनोद कुमार बिट्टू, कांगड़ स्कूल के प्रधानाचार्य कमलजीत, एसएमसी अध्यक्ष पूनम, उपाध्यक्ष वंदना, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version