शिमलाः उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को अपने ओएसडी विक्रांत सिंह ठाकुर की माता आशा रानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वह ऊना स्थित स्वर्गधाम में उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और दिवंगत आशा रानी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
आशा रानी का 75 वर्ष की आयु में लंबे समय से बीमार रहने के बाद 11 अक्तूबर को निधन हो गया था। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की। साथ ही उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुकेश अग्निहोत्री ने परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर परिवार को संबल प्रदान किया।
आशा रानी की अंतिम यात्रा में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, ग्राम पंचायत कांगड़ के प्रधान विनोद कुमार बिट्टू और उपायुक्त ऊना जतिन लाल सहित अनेक राजनीतिक एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा गणमान्य लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आशा रानी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
📍 Location: शिमला (शिमला)

