Site icon Dainik Savera Times

Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू से मिली नगर परिषद कुल्लू की नई टीम, शहर के विकास को मिलेगा पूरा सहयोग

हिमाचलः नगर परिषद कुल्लू की नव-निर्वाचित टीम ने विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में चंडीगढ़ में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर परिषद की पूरी टीम को जीत की शुभकामनाएं देते हुए शहर के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर परिषद स्थानीय विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और प्रदेश सरकार कुल्लू शहर के विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर परिषद द्वारा जनहित में तैयार किए जाने वाले विकास कार्यों और योजनाओं को सरकार का पूरा समर्थन मिलेगा, ताकि शहर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो और लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विशेष रूप से महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति आज हर क्षेत्र में अपनी प्रभावी भागीदारी निभा रही है। उन्होंने महिला प्रतिनिधियों से आगे बढ़कर नेतृत्व करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया। वही उपस्थित विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर परिषद की नई टीम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार के सहयोग से कुल्लू शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

📍 Location: कुल्लू (KULLU)

Exit mobile version