
शिमला : शिमला जिला में महिलाओं के खिलाफ अपराधों ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है। संजौली में मनीषा मित्तल हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि रोहड़ू क्षेत्र में एक 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला की घर के भीतर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावर चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और वारदात के दौरान महिला को मौत के घाट उतार दिया।
घटना टिक्कर पुलिस चौकी के तहत शलाश दोगरी क्षेत्र की है।
मृतका की पहचान गीता देवी (77) के रूप में हुई है, जो घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह जब उनकी देखभाल करने वाली महिला काफी देर तक उन्हें कमरे से बाहर न देख सकी तो उसने उनके बेटे गणेश को सूचना दी। बेटे के घर पहुंचने पर अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। पुलिस के अनुसार अज्ञात लोग रात के समय घर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे थे। घटनास्थल की स्थिति को देखकर माना जा रहा है कि आरोपियों का मकसद चोरी करना था। हालांकि वारदात के दौरान बुजुर्ग महिला उनकी नजर में आ गईं और आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी।
मृतका के शरीर पर हमले के निशान मिले हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या आरोपियों को पहले से यह जानकारी थी कि महिला घर में अकेली रहती हैं। मृतका के बेटे की शिकायत पर रोहड़ू थाना में हत्या, घर में घुसपैठ और चोरी के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है और संभावित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...