
रामपुर बुशहर: रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व विधायक नंदलाल के निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नंदलाल के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे रामपुर क्षेत्र और समूचे हिमाचल प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति करार दिया। उन्होंने कहा कि नंदलाल का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उनके जाने से क्षेत्र ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि को खो दिया है।
मंगलवार को जयराम ठाकुर नंदलाल के पैतृक गांव देउठी पहुंचे। यहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत नेता के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों, रिश्तेदारों तथा समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
जयराम ठाकुर ने कहा कि नंदलाल का सार्वजनिक जीवन और क्षेत्र के प्रति उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से रामपुर की राजनीति और सामाजिक जीवन को गहरा आघात पहुंचा है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
इस दौरान करसोग के विधायक दीपराज, रामपुर से भाजपा प्रत्याशी कौल सिंह नेगी सहित भाजपा के अन्य नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नंदलाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
📍 Location: शिमला (शिमला)