Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

12 वर्षीय मासूम की मौत पर परिजनों ने लगाए स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप, मामला दर्ज

November 30, 2024

12 वर्षीय मासूम की मौत पर परिजनों ने लगाए स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप, मामला दर्ज

नाहन (अमित शर्मा) : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के सूरजपुर स्थित गुरु नानक मिशन स्कूल में पढ़ रहे 12 वर्षीय छात्र राघव की मौत मामले में शुक्रवार को परिजन पांवटा साहिब पहुंचे। परिजन स्कूल प्रबंधन से भी मिले और बच्चे की मौत पर सवाल उठाए। साथ ही परिजनों ने पुलिस थाना पांवटा साहिब को भी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत सौंपी, जिसमें प्रबंधन पर लापरवाही का मामला दर्ज करने की मांग की।

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन भी आरोप लगाए हैं। उधर, स्कूल प्रबंधन ने बच्चे की मौत के मामले में डिजिटल मीडिया और चैनलों में कोई भी ऐसा लिखित और मौखिक बयान देने से साफ इनकार किया, जिसमें मौत की वजह दिल संबंधी रोग बताया हो। उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया और जांच में सहयोग की बात कही।

बता दें कि इस दर्दनाक घटना के बाद परिजन सदमे में हैं। मृतक के पिता सुरजीत सिंह कोलिश जिला रोजगार एवं श्रम विभाग में तैनात हैं। दो दिन पहले गुरू नानक मिशन स्कूल में 6ठी कक्षा में पढ़ रहे उनके बेटे राघव कोलिश की संदिग्ध मौत हो गई। अपने इकलौते चिराग को खोकर परिजन अपनी सुध-बुध खो बैठे हैं।

खासकर बच्चे की मां गौरी का रोरोकर बुरा हाल है। पिता सुरजीत के लिए भी जिगर के टुकड़े को खोना ताउम्र न भूलने वाला जख्म दे गया है। पिता सुरजीत सिंह कोलिश, गुरदीप कोलिश, लखविंद्र सिंह, तरूण, बलवंत, तपेंद्र, सोहन राजपूत और रामपाल आदि ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि राघव पूरी तरह तंदुरुस्त था।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में लंच के बाद राघव से जबरदस्ती ओवर रनिंग करवाई गई। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने बेटे की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर उन्हें जुनेजा अस्पताल सूरजपुर बुलाया। जब वह अस्पताल पहुंचे तो वहां उन्हें सिर्फ बेटे का शव मिला। जबकि स्कूल प्रबंधन ने फोन पर उनके बेटे की तबीयत खराब होने की बात कही थी और अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक उनके बेटे को ब्रॉड डेड अस्पताल लाया गया था।

शिकायत में बताया गया कि ये सब सवाल कहीं न कहीं स्कूल प्रबंधन को संदेह के दायरे में खड़ा कर रहे हैं। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में उचित कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। उधर, आईपीएस अधिकारी एएसपी अदिति सिंह ने परिजनों की ओर से स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें