Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम के लिए बनेगा नया ट्रैफिक कॉरिडोर

August 27, 2026

धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम के लिए बनेगा नया ट्रैफिक कॉरिडोर

धर्मशाला : धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में मैच के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम से अब दर्शकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। स्टेडियम को फोरलेन से सीधे जोडऩे के लिए नई सड़क का निर्माण किया जा रहा है। 3.5 किलोमीटर लंबी यह सड़क शीला चौक से पासु -चेलियां होते हुए सीधे धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंचेगी। शीला चौक पर इसे कनेक्ट किया जाएगा, इसी रोड के जरिए चेतड़ू से होते हुए फोरलेन से कनेक्ट कर दिया जाएगा। ऐसे में मैच के दौरान स्टेडियम की ओर आने-जाने वाले वाहनों को शहर के भीतर की भीड़भाड़ वाली सड़कों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होना शहर के लिए गौरव का मौका होता है, लेकिन मैच के साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। देश-विदेश से हजारों क्रिकेट प्रेमी मैच देखने पहुंचते हैं। मैच शुरू होने से कई घंटे पहले ही स्टेडियम के आसपास वाहनों की कतारें लग जाती हैं। मैच खत्म होने के बाद स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है। एक साथ बड़ी संख्या में वाहनों के सड़क पर आने से शहर के कई हिस्सों में जाम की स्थिति बनती है।

अब नई सड़क इस पूरी व्यवस्था को बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। शीला चौक से स्टेडियम तक बनने वाला यह वैकल्पिक मार्ग सीधे फोरलेन से जुडऩे के कारण बाहर से आने वाले वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश किए बिना स्टेडियम तक पहुंचने का रास्ता देगा। इससे मैच के दौरान मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम किया जा सकेगा। क्रिकेट मैचों के दौरान ट्रैफिक प्लान लागू करने के बावजूद पुलिस और प्रशासन को भारी दबाव का सामना करना पड़ता है।

पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट और दर्शकों के वाहनों की आवाजाही के बीच यातायात को नियंत्रित करना चुनौती रहता है। ऐसे में नया मार्ग भविष्य में ट्रैफिक मैनेजमेंट का अहम हिस्सा बन सकता है। इस सड़क का लाभ केवल क्रिकेट मैच देखने आने वाले दर्शकों को ही नहीं मिलेगा। स्थानीय लोगों के लिए भी स्टेडियम क्षेत्र तक पहुंचने के लिए एक नया वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। भविष्य में बड़े आयोजनों और अन्य कार्यक्रमों के दौरान भी इस सड़क का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें