Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांग्रेस की दस गारंटियों को चार साल पूरे, अब गारंटियों का नाम लेने से भी डर रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर

August 31, 2026

कांग्रेस की दस गारंटियों को चार साल पूरे, अब गारंटियों का नाम लेने से भी डर रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर

शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस की उन दस गारंटियों को चार साल पूरे हो गए हैं, जिनके नाम पर कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में हिमाचल की जनता को ठगा और सत्ता हासिल की। चुनाव के समय कांग्रेस ने घर-घर जाकर गारंटियों के प्रपत्र भरवाए, चौक-चौराहों पर खड़े होकर बड़े-बड़े दावे किए और सत्ता में आते ही हर गारंटी पूरी करने की कसमें खाईं लेकिन सत्ता मिलते ही कांग्रेस ने जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया। जिस कांग्रेस ने चुनाव के समय गारंटियों का ढिंढोरा पीटा था, आज उसके नेता इन गारंटियों का नाम लेने से भी बच रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए चार साल होने वाले हैं, लेकिन दस में से कितनी गारंटियां पूरी हुईं, इसका जवाब देने की हिम्मत मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं में नहीं है। महिलाओं को 1500 रुपये, पांच लाख नये रोजगार, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों से गोबर खरीद और युवाओं के लिए स्टार्टअप जैसी गारंटियों का क्या हुआ, मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को इसका हिसाब दें। सरकार हर बार झूठ बोलकर अपनी नाकामियों को छिपाने का प्रयास करती है, लेकिन अब जनता कांग्रेस के झूठ को अच्छी तरह समझ चुकी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार का चार साल का कार्यकाल अब झूठ, वादाखिलाफी और निकम्मेपन की पहचान बन चुका है। कांग्रेस ने सत्ता पाने के लिए हिमाचल की जनता से छल किया और अब अपने ही वादों से भाग रही है। मुख्यमंत्री नए-नए दावे करने के बजाय पहले अपनी दस गारंटियों का हिसाब दें। हिमाचल की जनता कांग्रेस की इस वादाखिलाफी को भूलेगी नहीं और आने वाले विधानसभा चुनाव में झूठी गारंटियों का पूरा हिसाब करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी के करिश्माई नेतृत्व में भारत ने पकड़ी आर्थिक रफ्तार: जयराम ठाकुर

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8% जीडीपी वृद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में देश की वास्तविक जीडीपी ₹81.36 लाख करोड़ रही, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह ₹75.46 लाख करोड़ थी। नॉमिनल जीडीपी में भी 10.3% की वृद्धि दर्ज हुई है। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था का इतनी तेज गति से आगे बढ़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पहली तिमाही में रियल जीवीए में 8.2%, सेकेंडरी सेक्टर में 8.6% और सर्विस सेक्टर में 10% की वृद्धि हुई है। वहीं ग्रॉस फिक्स्ड कैपिटल फॉर्मेशन में 11.9% और निजी अंतिम उपभोग व्यय में 7.1% की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का प्रमाण हैं। मोदी के करिश्माई नेतृत्व में देश आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की मजबूत नींव तैयार हो रही है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें