करसोग: किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने और इसके लाभों की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि विभाग विकास खंड करसोग की ओर से आत्मा परियोजना के तहत पुराना बाजार करसोग में एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकास खंड की आठ पंचायतों से करीब 100 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री नेकराम शर्मा रहे।
पद्मश्री नेकराम शर्मा ने बताया देशी बीजों और मिलेट्स का महत्व
पद्मश्री नेकराम शर्मा ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मिलेट्स की खेती, इसके उपयोग और स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर जानकारी साझा की। इसके साथ ही उन्होंने देशी बीजों के संरक्षण और पारंपरिक कृषि पद्धतियों में उनकी उपयोगिता के बारे में किसानों को विस्तार से बताया।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।
प्राकृतिक खेती की योजनाओं और समर्थन मूल्य की दी जानकारी
उप परियोजना निदेशक आत्मा मंडी डॉ. सोनल गुप्ता ने किसानों को राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, आत्मा परियोजना और राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती के माध्यम से उत्पादित मक्की के लिए 50 रुपये प्रति किलोग्राम, गेहूं के लिए 80 रुपये प्रति किलोग्राम और हल्दी के लिए 150 रुपये प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने के साथ-साथ एग्रीस्टेक पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाने का भी आग्रह किया।
प्राकृतिक खेती के घटक तैयार करने की विधि समझाई
खंड तकनीकी प्रबंधक मोहित कुमार ने प्राकृतिक खेती में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न घटकों को तैयार करने और उनके उपयोग की विधि किसानों को समझाई। उन्होंने किसानों से देशी बीजों के संरक्षण के साथ-साथ खेती में इनके अधिक से अधिक इस्तेमाल का आह्वान किया।
वहीं, एटीएम लेखराज ठाकुर ने प्राकृतिक खेती के जरिए मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने रासायनिक खादों के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले संभावित दुष्प्रभावों के बारे में भी किसानों को जागरूक किया।
किसानों को अनुदान और विभागीय योजनाओं की जानकारी
शिविर के दौरान सोनाली महाजन ने प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं और इसके तहत किसानों को उपलब्ध करवाए जाने वाले अनुदानों की जानकारी दी।
उद्यान विभाग के उद्यान विकास अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने विभाग की विभिन्न योजनाओं, कृषि उपकरणों और पौधों पर उपलब्ध अनुदान के बारे में विस्तार से बताया। इससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया की जानकारी मिली।
किसानों को वितरित किया गया मटर का बीज
किसान गोष्ठी के दौरान किसानों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई। इसके साथ ही किसानों को मटर का बीज भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम में खंड किसान सलाहकार समिति की अध्यक्ष गीता राम सोनी, सदस्य भीम सिंह, नरेंद्र कुमार, लालमन, चमेलू देवी कश्यप और बहादुर सिंह सहित विभिन्न पंचायतों से आए प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।
📍 Location: Mandi (Mandi)
मेष: दिन शुभ रहेगा...