सुजानपुर: टौणी देवी तहसील के ग्राम पंचायत कक्कड़ में गत रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार मृतक किसी शादी समारोह से लौट रहा था। मृतक की पहचान देशराज पुत्र मंगतराम निवासी झोखर के रूप में हुई है वह आर्मी से सेवानिवृत्त होकर उहल में कपड़े की दुकान करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क से लगभग 300 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना के समय गाड़ी में कुल तीन लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद कार में मौजूद 2 घायलों ने शोर मचाकर आस-पास के लोगों को सूचना दी। उनकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग, गृह रक्षा दल, दमकल विभाग के कर्मी, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
रात का समय होने और अंधेरा अधिक होने के कारण दुर्घटना स्थल तक पहुंचना काफी कठिन था, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा। राहत कार्य के दौरान तीनों व्यक्तियों को गाड़ी से बाहर निकाला गया, जिनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। दोनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रैफर कर दिया गया, जबकि दूसरे घायल का उपचार सुजानपुर अस्पताल में जारी है।
सुजानपुर थाना प्रभारी राकेश धीमान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों के बयान के अनुसार वे एक शादी समारोह से वापस आ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। शुक्र वार को मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तारी और लापरवाही बताया जा रहा है।

