Site icon Dainik Savera Times

विश्व रेबीज दिवस पर मनाली में 200 से अधिक कुत्तों का टीकाकरण

Over 200 Dogs Vaccinated in Manali : कुल्लू। विश्व रेबीज दिवस और मनाली स्ट्रेज़ की 7वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाली में विशेष कार्यक्रम और एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन ड्राइव आयोजित की गई। अभियान के दौरान 200 से अधिक कुत्तों का टीकाकरण किया गया, जबकि संस्था द्वारा पिछले दो महीनों में कुल्लू-मनाली क्षेत्र में करीब 2,300 कुत्तों को रेबीज रोधी टीके लगाए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चीमा, एमसी मनाली की प्रेसिडेंट चंद्रा बोध तथा SVO मनाली डॉ. रणधीर सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने मनाली स्ट्रेज़ की टीम द्वारा पशु कल्याण एवं रेबीज की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली तथा समाज को पशुओं के प्रति जिम्मेदारी, रेबीज से बचाव और समय पर टीकाकरण के महत्व को लेकर सकारात्मक संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद मनाली स्ट्रेज़ की टीम द्वारा एमसी मनाली क्षेत्र में विशेष एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन ड्राइव आयोजित की गई।

इस अभियान के दौरान 200 से अधिक कुत्तों का रेबीज के खिलाफ टीकाकरण किया गया। दो महीनों से गांव-गांव जारी है अभियान मनाली स्ट्रेज़ की टीम पिछले लगभग दो महीनों से विभिन्न पंचायतों एवं पशुपालन विभाग (Animal Husbandry Department) के सहयोग से बड़े स्तर पर एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन अभियान चला रही है। टीम पंचायत-दर-पंचायत और गांव-दर-गांव जाकर कुत्तों का टीकाकरण कर रही है। इस अभियान के अंतर्गत कुल्लू जिले तथा मनाली क्षेत्र के कई इलाकों को कवर किया जा चुका है और अब तक लगभग 2,300 कुत्तों का एंटी-रेबीज टीकाकरण किया जा चुका है।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/09/1001148742.mp4

इस अभियान का उद्देश्य रेबीज की रोकथाम के साथ-साथ लोगों में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इंसानों और जानवरों—दोनों के लिए एक सुरक्षित वातावरण तैयार करना है। मनाली स्ट्रेज़ टीम की सक्रिय भागीदारी इस विशेष कार्यक्रम एवं वैक्सीनेशन अभियान में मनाली स्ट्रेज़ की टीम की ओर से डॉ. सिरब धोरजी, डॉ. अंकिता, देवेंद्र सिंह, सौरभ रावत, हरीश कुमार, जोगी वर्मा, साहिल आनंद, बुद्धि सिंह, राजो राम, अर्चना, विवेक कपूर, निकिता भाटिया, डॉ. बैकी मैटकाफ, ईसा और संजय शर्मा सहित टीम के अन्य सदस्यों एवं वॉलंटियर्स ने सक्रिय रूप से योगदान दिया।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/09/1001148741.mp4

सभी सहयोगियों का हृदय से धन्यवाद मनाली स्ट्रेज़ की पूरी टीम इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्थानीय प्रशासन, एमसी मनाली, पशुपालन विभाग, विभिन्न पंचायतों, पशु चिकित्सकों, वॉलंटियर्स, स्थानीय निवासियों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करती है। टीम का मानना है कि रेबीज जैसी जानलेवा लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी के खिलाफ लड़ाई किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। “हर टीका एक जीवन की सुरक्षा है।

हमारा प्रयास है कि पंचायतों, प्रशासन, पशुपालन विभाग और स्थानीय समुदाय के सहयोग से अधिक से अधिक क्षेत्रों तक पहुंचकर कुत्तों का टीकाकरण किया जाए और रेबीज के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए।” विश्व रेबीज दिवस और संस्था की सातवीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाली स्ट्रेज़ ने भविष्य में भी पशु कल्याण, रेबीज नियंत्रण और समुदाय के साथ मिलकर इस अभियान को लगातार आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Exit mobile version