कुल्लू: हिमाचली लोक संस्कृति, लोक संगीत एवं पारंपरिक कलाओं की समृद्ध विरासत को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सूत्रधार कला संगम, कुल्लू द्वारा अटल सदन में सांस्कृतिक संध्या ‘पहाड़ी साँझ’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। संस्था की ओर से मुख्य अतिथि का कुल्लवी परंपरा के अनुसार चादर एवं टोपी पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया, नगर परिषद कुल्लू की उपाध्यक्ष शालिनी राय, फ्रूट ग्रोवर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम शर्मा, पार्षद पूजा शर्मा, गीता देवी एवं जीवन कला सहित सुप्रसिद्ध कलाकार पीयूष राज, दीपक गौतम, टिंका, आशीष, अरुण एवं विशाल गंधर्व को भी संस्था की ओर से कुल्लवी टोपी, मफलर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रचार प्रसार प्रभारी एवं इस कार्यक्रम के मंच संचालक सुंदर श्याम महंत द्वारा बेहद ही खुबसुरत एवं शायराना अंदाज में कार्यक्रम की जानकारी व आये हुए सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए किया गया। तत्पश्चात हिमाचली सामूहिक गीत से हुआ, जिसमें चमन, दिनेश, भास्कर, विजय, सनी, दीप, विशाल, अनुष्का, अर्पिता एवं करिश्मा ने अपनी प्रस्तुति दी। इसके बाद संजय पुजारी ने मंडी सराज का लोकगीत ‘देऊआ विजणे रोपे’, जीवन बुडाल ने ‘ठेबे गुरा’ तथा लाल सिंह ने ‘लाड़ी सरजुए’ प्रस्तुत कर लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। ट्विंकल ने ‘कायथा यारा’ और रोज़ी ने ‘कमौड़े घर बारो गेता वाड़े ओ, चिट्टी लिखी’ जैसे लोकगीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कुल्लू के जाने-माने कुल्लवी एवं हिमाचली लोकगायक धर्मेन्द्र शर्मा ने भी अपनी गायन प्रस्तुति से ‘पहाड़ी साँझ’ में लोक संगीत की शानदार छटा बिखेरी। रेखा ठाकुर, मोहिनी, सुष्मिता, शबू, कनिका एवं मीनाक्षी ने समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम में प्रो. दीपक गौतम की प्रस्तुति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने ‘बरखा री छम-छम में मिंजो ता डरांदी’, ‘पारले रोपे सौकण जे उतरी’, ‘तेरी बंगा री छुनमुण’ तथा ‘नूरपुर ऐ रि ये गजरती ये तेरे माथे रा बिंदलु’ सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर दर्शकों से खूब वाहवाही लूटी। इसके उपरांत मुख्य अतिथि डॉ० अमित कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में सूत्रधार कला संगम द्वारा हिमाचली कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण हिमाचल के सुप्रसिद्ध लोक, शास्त्रीय एवं गजल गायक पीयूष राज की शानदार प्रस्तुति रही। उन्होंने एक से बढ़कर एक हिमाचली लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों में ‘तेरियां मोहब्बत न मारी दित्ता हो’, ‘प्यारी भोटलिये’, ‘सायं-सायं मत कर राविए’ तथा रानी सुनैना से जुड़ा पारंपरिक गीत विशेष रूप से सराहा गया। इसके साथ ही उन्होंने दर्शकों की फरमाइश पर ‘चम्बा कितनी दूर’, ‘भावा रुपिये’ सहित कई लोकप्रिय गीत सुनाए। उनकी हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहपूर्वक सराहना की और पूरा सभागार लोकसंगीत की मधुर धुनों से गूंज उठा। उनकी एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
इस सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से संस्था ने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ का संदेश भी दिया। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा कला, संस्कृति, संगीत और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया गया। संस्था का मानना है कि सांस्कृतिक गतिविधियां युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं।
संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, कलाकारों, पत्रकार बंधुओं एवं समस्त कला प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सूत्रधार कला संगम पिछले पांच दशकों से कला, संस्कृति, साहित्य एवं लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। ‘पहाड़ी साँझ’ इसी सांस्कृतिक एवं सामाजिक यात्रा की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
कार्यक्रम की सफलता में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन सहित कार्यक्रम प्रभारी एवं उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, संरक्षक मंडल सदस्य राजेन्द्र सूद व युवराज बौध, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, भण्डार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मोनिका सागर, मंजू लता शर्मा, यशोदा शर्मा व हितेश गोगी, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, प्रचार-प्रसार सह-प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुदेश कुमार, सुबोध सूद, भारत भूषण आचार्य, कैप्टन रणधीर सिंह सल्हुरिया, संगीत अकादमी के प्राचार्य पं० विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य निशांत गौतम, जीवन बुडाल, सनी व संजय पुजारी तथा प्रबंधक उत्तम चन्द सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
📍 Location: Kullu (Kullu)