Site icon Dainik Savera Times

प्रदेश में डिजास्टर एक्ट के लागू होने के चलते टाले गए हैं पंचायती चुनाव

हमीरपुर : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को बड़सर में मीडिया से रूबरू होते हुए प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के पंचायत चुनाव न करवाने वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को पंचायती राज चुनाव की चिंता छोड़ देनी चाहिए और पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश के लिए घोषित आपदा राहत को पूरा कराने में सहयोग करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र से हिमाचल को आपदा राहत और पुनर्वास के लिए अभी तक कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है और प्रदेश भाजपा और उसके सातों सांसद केंद्रीय सहायता को रोककर हिमाचल के हितों के विपरीत कार्य कर रहे हैं।

सुक्खू ने हिमाचल के भाजपा सांसदों और विधायकों से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित आपदा राहत पैकेज 1500 करोड़ रु पए शीघ्र जारी करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रभावितों को 1 नवंबर के बाद राहत पहुंचाने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को क्षतिग्रस्त भवनों के स्थान पर नए घर बनाने के लिए 7 लाख रु पए की वित्तीय सहायता दी जा रही है। उन्होंने पुलिस भर्ती और रोजगार योजनाओं पर भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस में 800 पद भरे जाएंगे और पूर्व सरकार में भर्ती प्रक्रिया में पेपर लीक जैसी समस्याएं थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती की। सुक्खू ने अग्निवीर योजना का जिक्र करते हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात भी कही।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भाजपा नेता सुधीर शर्मा द्वारा उनके खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियों पर ध्यान न देने की सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार को औद्योगिक प्लॉटों के आवंटन और कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर संसाधनों की लूट के लिए भी घेरा। मुख्यमंत्री ने बड़सर से भाजपा विधायक का नाम लिए बिना कहा कि 2024 के विधानसभा उपचुनाव में शराफत हारी और बेईमानी जीत गई। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को गिराने की कोशिश में हमीरपुर जिले के दो विधायक शामिल थे।

उन्होंने बड़सर के लोगों को याद दिलाया कि भावनाओं में बहकर हुई गलती की कीमत हमेशा चुकानी पड़ती है, जैसा कि हमीरपुर के लोग जानते हैं। सुक्खू ने 2017 के विधानसभा चुनाव में सुजानपुर के लोगों द्वारा की गई गलतियों और 2024 में बड़सर में दोहराए गए मतदान पैटर्न का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद जिला हमीरपुर में विकास का पहिया थम गया था, लेकिन उनकी सरकार ने क्षेत्र में विकास को फिर गति दी है और योजनाओं को निष्पक्षता से लागू किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें : बाजार पर भू-राजनीतिक तनाव का असर, सेंसेक्स 1,097 अंक गिरकर बंद

Exit mobile version