शिमला: हिमाचल प्रदेश में होने वाले पंचायत और शहरी निकाय चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य सरकार ने 49 नगर परिषद और नगर पंचायतों के लिए आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया है, जबकि चार नगर निगमों के लिए आरक्षण सूची एक सप्ताह के भीतर जारी किए जाने की संभावना है।
एससी वर्ग के लिए 10 निकाय आरक्षित
जारी रोस्टर के अनुसार अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए कुल 10 निकाय आरक्षित किए गए हैं। इनमें से आधी सीटें यानी पांच निकाय एससी महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन महिला आरक्षित निकायों में दौलतपुर (ऊना), चंबा, बंजार (कुल्लू), बिलासपुर और सुंदरनगर (मंडी) शामिल हैं।
इसके अलावा एससी वर्ग के अन्य आरक्षित क्षेत्रों में मेहतपुर-बसदेहड़ा, नगरोटा बगवां, घुमारवीं, रोहड़ू और चिड़गांव जैसे नगर निकाय शामिल हैं।
एसटी और महिला वर्ग को भी आरक्षण
अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए केवल एक नगर निकाय कांगड़ा का शाहपुर आरक्षित किया गया है। वहीं सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए 11 निकाय आरक्षित किए गए हैं, जिनमें निरमंड, अर्की, ज्वालामुखी, कंडाघाट, संतोषगढ़, अंब, गगरेट, कुल्लू, नूरपुर, ठियोग और टाहलीवाल शामिल हैं।
अप्रैल के तीसरे सप्ताह में आ सकती है अधिसूचना
सूत्रों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव की अधिसूचना अप्रैल के तीसरे सप्ताह के अंत तक जारी की जा सकती है। चुनाव तीन चरणों में कराए जाने की संभावना है।
राज्य सरकार को 7 अप्रैल तक सभी पंचायतों का आरक्षण रोस्टर अंतिम रूप देना है। इसके साथ ही मतदाता सूची को भी अपडेट किया जा रहा है, जिसमें 1 अप्रैल तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं को शामिल किया जाएगा।
मतदाता सूची अपडेट का काम जारी
मतदाता सूची अपडेट करने की प्रक्रिया लगभग 20 दिनों तक चलेगी। इसके पूरा होने के बाद ही चुनाव कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
ये भी पढ़ें…
चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल
रोस्टर जारी होने के बाद प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संभावित उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।

