Panchayat-Level Action Intensified to Curb Drug Abuse : कुल्लू। सुंदरनगर उपमंडल की चिन्हित अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों कांगू और सलापड़ में नशे के दुरुपयोग एवं तस्करी की रोकथाम को लेकर नशा निवारण समितियों की विशेष बैठकें आयोजित की गईं।
एसडीएम अमर नेगी के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इन बैठकों में अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने नशे की रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई और बेहतर समन्वय पर जोर दिया। इस दौरान फील्ड विजिट कर संवेदनशील स्थानों का जायजा लेने के साथ लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों कांगू और सलापड़ में अधिकारियों ने फील्ड विजिट कर नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों और जनजागरूकता गतिविधियों का जायजा लिया। फील्ड विजिट में नोडल अधिकारी एवं सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग दिनेश राणा, नोडल अधिकारी एवं सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग के.के. गुप्ता, तहसील कल्याण अधिकारी विक्रांत जग्गा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
अधिकारियों ने पंचायत क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों तथा नशे से संबंधित स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए विभिन्न विभागों तथा पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों और समिति सदस्यों से संवाद कर नशे की जमीनी स्थिति एवं स्थानीय आवश्यकताओं की भी जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और इसकी रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक किया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए नशा निवारण की शपथ भी दिलाई गई। एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन, विभिन्न विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम जनता का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति निरंतर जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

