Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंचायत प्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर करें गांवों का विकास: चंद्रशेखर

August 14, 2026

पंचायत प्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर करें गांवों का विकास: चंद्रशेखर

धर्मपुर: विकास खंड धर्मपुर की 28 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन एवं क्षमता निर्माण के उद्देश्य से आज मिनी सचिवालय धर्मपुर में ‘विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर गांवों के विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और आमजन के हितों को प्राथमिकता देते हुए विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित किया जा सकता है, जब पंचायत प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाएं।

विधायक ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

सम्मेलन के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने ‘विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों के साथ साझा की। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र परिवारों तक लाभ पहुंचाने तथा ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि धर्मपुर के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने में पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।” इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें