Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

राष्ट्रपति के कुल्लू दौरे के चलते 8 अक्टूबर तक पैराग्लाइडिंग समेत एयरो स्पोर्ट्स पर रोक

October 5, 2026

राष्ट्रपति के कुल्लू दौरे के चलते 8 अक्टूबर तक पैराग्लाइडिंग समेत एयरो स्पोर्ट्स पर रोक
Paragliding, Zipline Halted Till October 8 : कुल्लू। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 से 8 अक्टूबर तक प्रस्तावित कुल्लू दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से एयरो स्पोर्ट्स गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है। 5 से 8 अक्टूबर तक पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, जिपलाइन समेत अन्य हवाई और साहसिक गतिविधियां बंद रहेंगी। पर्यटन विभाग ने सभी ऑपरेटरों, पायलटों, साइट मालिकों और संबंधित संस्थाओं को आदेशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

जिला कुल्लू पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने बताया कि सभी संबंधित एसोसिएशनों, पर्यटन/साहसिक गतिविधियों के संचालकों (Operators), पायलटों, साइट मालिकों, मार्शलों तथा अन्य संबंधित हितधारकों को सूचित किया जाता है कि महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 6 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक जिला कुल्लू का प्रस्तावित दौरा निर्धारित है। महामहिम राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए और जिला दंडाधिकारी, कुल्लू द्वारा जारी निर्देशों/आदेशों के अनुपालन में, जिला कुल्लू की सीमाओं के अंतर्गत संचालित सभी प्रकार की हवाई एवं संबंधित साहसिक गतिविधियों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक जिला कुल्लू में पैराग्लाइडिंग एवं संबंधित एयरो-स्पोर्ट्स गतिविधियां; हॉट एयर बैलून गतिविधियां जिपलाइन गतिविधियां तथा अन्य सभी प्रकार की हवाई, एयरो-स्पोर्ट्स अथवा ऐसी साहसिक गतिविधियां, जिनका संचालन संबंधित सुरक्षा व्यवस्था पर प्रभाव डाल सकता है। ऐसे में सभी संबंधित ऑपरेटरों, पायलटों, साइट मालिकों, मार्शलों एवं एसोसिएशनों को निर्देशित किया जाता है कि उक्त अवधि के दौरान अपने-अपने स्तर पर किसी भी प्रकार की गतिविधि का संचालन न करें तथा अपने अधीन कार्यरत कार्मिकों/पायलटों/मार्शलों को भी इस संबंध में स्पष्ट रूप से अवगत करवाएं।

यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उक्त अवधि के दौरान किसी भी पर्यटक अथवा अन्य व्यक्ति को प्रतिबंधित गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति न दी जाए। सभी संबंधित इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें