Pensioners Warn of Assembly Gherao on November 19 : कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पेंशनरों ने अब सरकार को 18 नवंबर तक वार्ता करने का अल्टीमेटम दिया है। पेंशनरों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में सरकार ने बातचीत नहीं की तो 19 नवंबर को हजारों पेंशनर धर्मशाला पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे और मंत्रियों का भी घेराव किया जाएगा।
इस दौरान सरकार के मंत्रियों का भी घेराव करने की चेतावनी दी गई है। कुल्लू के ढालपुर में हिमाचल प्रदेश पेंशनर संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा धरना प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे समिति के संयोजक इंद्र दत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश संघर्ष समिति ने निर्णय लिया है कि 17 नवंबर को जिला स्तर पर चल रहे सभी धरना प्रदर्शनों को समाप्त कर दिया जाएगा। इसके बाद यदि 18 नवंबर तक सरकार की ओर से पेंशनरों को वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया तो 19 नवंबर को प्रदेशभर से हजारों पेंशनर धर्मशाला पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे। इंद्र दत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पेंशनरों के कई वित्तीय लाभ लंबे समय से लंबित पड़े हैं।
इसके अलावा भी उनकी अनेक मांगें हैं, जिन पर सरकार की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशनर लंबे समय से अपनी मांगों को सरकार के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द वार्ता के लिए बुलाया जाए और उनकी लंबित मांगों का समाधान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 18 नवंबर तक वार्ता नहीं हुई तो 19 नवंबर को धर्मशाला में प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

