हमीरपुर: केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को बड़सर में विजय संकल्प रैली में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का दूसरा नाम विकास है और विकास का दूसरा नाम भाजपा है। आप पुन: भाजपा की सरकार बनाएं और भर- भर कर विकास पाएं। अनुराग ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश ने कांग्रेस पार्टी के कई प्रधानमंत्री देश को दिए, उस उत्तर प्रदेश के रायबरेली और अमेठी तक में लोग झुग्गी झोपड़ियों में रहने को मजबूर थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। आज योगी ने उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त, माफिया मुक्त व दंगा मुक्त करने का काम किया है।
आज भाजपा के शासन में उत्तर प्रदेश, उत्तम प्रदेश बना है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योगी के संबोधन से हमीरपुर लोकसभा समेत पूरे हिमाचल का कार्यकर्ता अत्यंत उत्साहित व ऊर्जावान महसूस कर रहा है। जनता के अपार स्नेह आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं की मेहनत व मोदी की गारंटी के बलबूते हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र इस बार प्रचंड विजय का इतिहास रचेगा। उन्होंने कहा कि हमने विकास और विरासत को सहेजने के साथ ही दिव्य-भव्य राम मंदिर के रूप में 500 वर्षों की प्रतीक्षा को भी ख़त्म करने का काम किया है।
लेकिन कांग्रेस के ये नेता राम मंदिर को क्यों गिराना चाहते हैं? ये राममंदिर पर बुलडोज़र क्यों चलवाना चाहते हैं? जो भी लोग ये सोचते हैं कि वे राम मंदिर पर बुलडोजर चला सकते हैं, उनको पहले राम भक्तों का सामना करना होगा और राम भक्तों पर हमला करना होगा आखिर क्यों ये लोग भगवान राम को काल्पनिक कहते हैं. क्यों ये लोग हिंदू धर्म का अपमान करते हैं. राम और राममंदिर से नफ़रत करने वाले कांग्रेसी नेताओं को जनता वोट की चोट से चारों खाने चित्त करेगी। ठाकुर ने कहा कि आज चुनाव परिणाम से पहले हीं कांग्रेस पार्टी हार मान चुकी है ।
इसलिए वह कभी ईवीएम तो कभी इलेक्शन कमीशन तो कभी कुछ और पर ठीकरा फोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस की देश विरोधी नीतियों का आलम यह है कि आज उन्हें समर्थन भारत से नहीं बल्कि पाकिस्तान से मिल रहा है। विदेशी ताक़तें कांग्रेस से अपनी उम्मीदें लगाए बैठी हैं लेकिन भारतीय जनता अब कांग्रेस के हाथों में देश कभी नहीं देगी। यह वही कांग्रेस है जो सैन्य खरीद में भी भ्रष्टाचार करती है। यह वही कांग्रेस है जो सेना को कमजोर बनाना चाहती है। यह वही कांग्रेस है जो सेना के पराक्र म पर सवाल उठाती है और कसाब जैसे आतंकवादी के पकड़े जाने के बाद भी पाकिस्तान पर कोई कार्रवाई नहीं करती है। कांग्रेस जनता के बीच अपनी विध्वसनीयता खो चुकी है इसलिए आज इनके नेता कार्यकर्ता सब हताश और निराशा हैं।

