शिमला : केंद्र सरकार ने हिमाचल में 4 नए केंद्रीय विद्यालय (केवी) खोलने को मंजूरी प्रदान कर दी है। 4 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने की मंजूरी देने के लिए हिमाचल भाजपा ने पीएम मोदी व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को थैंक यू कहा है। प्रदेश भाजपा के मीडिया संयोजक एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने जसवां-परागपुर विधान सभा क्षेत्र के रीढ़ी कुठेड़ा, गगरेट के अपर भंजाल, चिंतपुर्णी के नंदपुर तथा सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मंजूरी प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालयों के खुलने से इन क्षेत्रों के छात्रों को उनके घर के समीप पढ़ाई कर अच्छी शिक्षा प्राप्त करने का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के असीम सहयोग हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में नलेटी, नादौन, घुमारवीं, बंगाणा, सलोह, धर्मपुर व संधोल को लेकर हमीरपुर में कुल 6 केंद्रीय विद्यालय पहले ही हो चुके हैं।
इसी साल फरवरी महीने में प्रधानमंत्री ने हमीरपुर लोकसभा के नादौन और सलोह में दो केंद्रीय विद्यालयों के भवनों की सौगात दी थी, जिनमें पांच पांच सौ बच्चे पढ़ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो.धूमल व शांता कुमार, विपिन परमार, गोविंद ठाकुर, बिRम ठाकुर, त्रिलोक जमवाल, राकेश जमवाल, सुखराम चौधरी, प्रदेश के सभी लोक सभा व राज्य सभा सांसदो, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा व त्रिलोक कपूर, मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, विधायकसतपाल सत्ती, पूर्व विधायक राजिंदर गर्ग के अलावा कई अन्य नेताओं ने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व स्वास्थ्य मंत्री एवं पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का धन्यवाद किया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अंतिम छोर पर बैठे लोगों तक पहुंचाने में जुटी केंद्र सरकार ने देश में 85 केंद्रीय और 28 नए नवोदय विद्यालय खोलने की घोषणा की है। सर्वाधिक 13 केंद्रीय विद्यालय जम्मू- कश्मीर में खोले जाएंगे। हिमाचल प्रदेश में चार केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे। नए केंद्रीय विद्यालयों के खुलने से इनमें 82 हजार से अधिक छात्रों को शिक्षा मिल सकेगी। साथ ही पांच हजार से अधिक लोगों को शिक्षक सहित दूसरे पदों पर नौकरी मिलेगी।

