Site icon Dainik Savera Times

पुलिस ने 34 ग्राम चिट्टा मामले में फरार महिला तस्कर को जालंधर से किया गिरफ्तार

पालमपुर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पालमपुर पुलिस ने 34 ग्राम चिट्टा और लाखों रुपये की नकदी बरामदगी मामले में फरार चल रही महिला तस्कर निशा देवी को जालंधर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को 27 मई को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार 25 नवंबर 2025 को घुग्गर टांडा में मोहित नामक युवक के किराये के कमरे से 34 ग्राम चिट्टा, 4.06 लाख रुपये नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें और अन्य सामान बरामद हुआ था।

मामले में मोहित को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसकी माता निशा देवी फरार चल रही थी। जांच में सामने आया कि निशा देवी अपने बेटे के साथ मिलकर चिट्टा तस्करी का नेटवर्क चला रही थी। लगातार दबिश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने उसे जालंधर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। जिला पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा लोगों से नशे से जुड़ी सूचनाएं पुलिस को देने की अपील की गई है।

Exit mobile version