शिमला: जिला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PET/PST) का आयोजन 27 नवंबर से किया जाएगा। यह प्रक्रिया 5 दिसंबर 2026 तक पुलिस लाइन्स भराड़ी, शिमला में चलेगी। इस दौरान कुल 9,151 अभ्यर्थी अपनी शारीरिक दक्षता और निर्धारित मानकों की परीक्षा देंगे। इनमें 2,707 महिला और 6,444 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर शिमला पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए शारीरिक परीक्षण चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों को अलग-अलग दिनों में बुलाया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके और प्रत्येक अभ्यर्थी को अपनी शारीरिक दक्षता प्रदर्शित करने का उचित अवसर मिल सके।
शिमला पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने निर्धारित दिन पर ही भर्ती स्थल पर पहुंचें। अभ्यर्थियों को ई-कॉल लेटर में दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने और उसमें बताए गए आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर पुलिस लाइन्स भराड़ी पहुंचना होगा। पुलिस ने अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखने और पुलिस प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
शिमला पुलिस के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस का प्रयास है कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मौजूदगी के बावजूद परीक्षण प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो और किसी भी अभ्यर्थी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
📍 Location: शिमला (शिमला)

