
Police Detain 51 Drug Offenders Under PIT-NDPS Act : शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने निवारक कार्रवाई तेज कर दी है। PIT-NDPS अधिनियम के तहत वर्ष 2026 में अब तक 51 आदतन नशा तस्करों को निरुद्ध किया जा चुका है। हाल ही में आठ और तस्करों को तीन महीने के लिए मॉडल सेंट्रल जेल कंडा भेजा गया है।
इनमें तीन आरोपियों के खिलाफ NDPS के चार-चार मामले दर्ज हैं। पुलिस का उद्देश्य बार-बार नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों को दोबारा इस अवैध धंधे में सक्रिय होने से रोकना है। पुलिस ने नशा तस्करी के बार-बार सामने आ रहे मामलों में संलिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए PIT-NDPS अधिनियम, 1988 के तहत वर्ष 2026 में अब तक कुल 51 लोगों को निरुद्ध किया है। इसी अभियान के तहत हाल ही में आठ और आदतन नशा तस्करों को तीन महीने की अवधि के लिए निरुद्ध किया गया है। सक्षम प्राधिकारी हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी आदेशों के बाद इन सभी को मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है। शिमला पुलिस की यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब पुलिस का फोकस केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बार-बार नशे के कारोबार में शामिल होने वाले अपराधियों को दोबारा इस अवैध गतिविधि में सक्रिय होने से रोकना भी है।
इसी उद्देश्य से PIT-NDPS अधिनियम के तहत निवारक निरोध की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, हाल ही में निरुद्ध किए गए आठ आरोपियों में अमित लूथरा निवासी होशियारपुर (वर्तमान निवासी शिमला), सुनील कुमार निवासी ठियोग, अत्तर सिंह निवासी चौपाल, महेश ठाकुर निवासी शिमला, रुब्बल जडाइक निवासी कोटखाई, गोपी चंद निवासी जुब्बल, राजू चौहान निवासी कुमारसैन और मोहित वर्मा निवासी शिमला शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ पहले से NDPS अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। इनमें अत्तर सिंह, रुब्बल जडाइक और राजू चौहान के खिलाफ चार-चार मामले दर्ज हैं। वहीं अमित लूथरा, सुनील कुमार, महेश ठाकुर, गोपी चंद और मोहित वर्मा के खिलाफ दो-दो मामले दर्ज हैं।
इन सभी को 4 और 5 नवंबर 2026 को जारी निरोध आदेशों के तहत तीन महीने के लिए निरुद्ध किया गया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो शिमला पुलिस ने वर्ष 2026 में PIT-NDPS अधिनियम के तहत अब तक 51 लोगों को निरुद्ध किया है, जबकि वर्ष 2025 में केवल तीन लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हुई थी। वहीं वर्ष 2023 और 2024 में इस अधिनियम के तहत किसी भी व्यक्ति को निरुद्ध नहीं किया गया था।
ऐसे में इस साल की कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की रणनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आदतन अपराधियों और सप्लायरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तारी के साथ-साथ निवारक कानूनों का इस्तेमाल कर नशा तस्करी के नेटवर्क को कमजोर किया जाएगा, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।