Site icon Dainik Savera Times

जोगिंदर नगर में 4 हजार बच्चों को पिलाई गई पोलियो की बूंदे

जोगिंदर नगर: रविवार को मंडी जिले के जोगिंदर नगर उपमंडल में पल्स पोलियो अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के 4 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। खराब मौसम के बावजूद भी स्वास्थ्य कर्मियों ने पोलियो अभियान का लक्ष्य हासिल किया।शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चे पोलियो की खुराक से वंचित न रहें, इसके लिए स्वास्थ्य, आयुष, महिला बाल विकास और शिक्षा व अन्य विभागों के अधिकारीयों ने आपसी समन्वय के साथ इस अभियान को सफल बनाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाई।जोगिंदर नगर में नगर परिषद के 7 वार्डों के लिए बस स्टैंड,सनातन धर्म मंदिर, गरोडू,अप्रोच रोड़,सिविल अस्पताल के साथ साथ झुग्गी-झोपड़ियों व श्रमिकों की आवासीय बस्तियों में पहुंच कर स्वास्थ्य कर्मियों ने लगभग 500 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।

जोगिंदर नगर में प्रवासियों की बस्तियों में पहुंच कर स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिला कर अभियान को मजबूती दी।खराब मौसम में भी इन स्वास्थ्य कर्मियों ने अभियान को सफल बनाने में देवदूत की भूमिका निभाई है। बी एम ओ लडभड़ोल डॉ. ए के सिंह ने बताया कि रविवार को पल्स पोलियो अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का अभियान सफल रहा।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया की स्वास्थ्य खंड के अंतर्गत 4071 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जिसमें सभी के प्रयासों से 3939 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया की लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य खंड में 73 पोलियो बूथ बनाए गए थे जिसमें 292 स्वास्थ्य कर्मी तथा 15 सुपरवाइजर तैनात किए गए थे।

Exit mobile version