शिमला : शिमला जिला में पंचायती राज चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही एसडीएम कार्यालयों में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ उमड़ने लगी है। कई वार्डों में मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है, जबकि एक वार्ड ऐसा भी है जहां अब तक एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। गुरुवार को जारी नामांकन सूची के अनुसार हलोग, बल्दैयां और बाघी वार्डों में चुनावी तस्वीर साफ होने लगी है।
जिला परिषद वार्ड-22 हलोग से चार महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में ताल ठोक दी है। अनीता देवी, कमलेश शर्मा, सरोज और कविता कंवर ने सामान्य वर्ग से अपने नामांकन पत्र भरे हैं। एक ही वार्ड में चार महिला उम्मीदवारों के उतरने से यहां मुकाबला बेहद रोचक बन गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बॉक्स बल्दैयां वार्ड में सबसे ज्यादा उम्मीदवार जिला परिषद वार्ड-20 बल्दैयां से सबसे अधिक पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
इनमें मोहन सिंह, भारत भूषण, नरेंद्र कुमार, हीरा नंद और दिलीप कुमार शामिल हैं। सभी उम्मीदवार सामान्य वर्ग से चुनाव लड़ रहे हैं। पांच प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से बल्दैयां वार्ड में बहुकोणीय मुकाबले की संभावना बन गई है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार यहां प्रचार अभियान काफी दिलचस्प रहने वाला है। बॉक्स बाघी वार्ड से मीना देवी अकेली प्रत्याशी जिला परिषद वार्ड-21 बाघी से अब तक केवल मीना देवी ने ही नामांकन दाखिल किया है। फिलहाल वह अकेली उम्मीदवार हैं, हालांकि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने तक अन्य उम्मीदवारों के मैदान में उतरने की संभावना बनी हुई है।
चमियाना वार्ड में सन्नाटा, नहीं पहुंचा कोई उम्मीदवार वहीं जिला परिषद वार्ड-19 चमियाना से गुरुवार तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इस वार्ड में राजनीतिक गतिविधियां फिलहाल धीमी नजर आ रही हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 9 मई और 11 मई को भी नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में यहां भी चुनावी हलचल बढ़ने की उम्मीद है।

