बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश की प्रशासनिक अधिकारी एवं राज्य कर एवं आबकारी विभाग में सहायक आयुक्त पूनम ठाकुर (HPRS) को उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं और सामाजिक योगदान के लिए ‘इंडियन एक्सीलेंस अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। बिलासपुर के एचपीटीडीसी होटल लेक व्यू में 4 नवंबर को आयोजित समारोह में प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
पूनम ठाकुर को यह पुरस्कार 28 वर्षों से अधिक की प्रशासनिक सेवा, GST के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए दिया गया। समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान प्रशासनिक, पुलिस और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कई हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लाडली फाउंडेशन हिमाचल प्रदेश ने हिमाचल रेनबो स्टार क्लब और गोबिंद सागर एडवेंचर एंड वाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सहयोग से किया।
प्रशासनिक सेवाओं के साथ सामाजिक कार्यों में भी योगदान
पूनम ठाकुर वर्तमान में राज्य कर एवं आबकारी विभाग में सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने राजस्व संवर्धन, कर अनुपालन और सुशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह GST मास्टर ट्रेनर के रूप में अधिकारियों, कर्मचारियों, उद्यमियों और आम लोगों को प्रशिक्षण देकर कर प्रणाली के प्रति जागरूक कर रही हैं। इसके अलावा वह महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, शिक्षा और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए भी सक्रिय हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं।
पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
पूनम ठाकुर को इससे पहले हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से ‘हिमाचल गौरव पुरस्कार-2024’ और वर्ष 2025 में ‘हिमाचल रतन अवार्ड’ से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें सामाजिक नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी कई सम्मान मिल चुके हैं।
राज्यपाल ने दी बधाई
समारोह में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने महिला सशक्तिकरण, बेटियों की शिक्षा, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने लाडली फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए सभी सम्मानित व्यक्तियों को बधाई दी। पूनम ठाकुर की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उनका सम्मान प्रदेश की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

