Site icon Dainik Savera Times

जिला सिरमौर की होनहार बेटी प्रीति बनी सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट नर्सिंग

नाहन: जिला सिरमौर के संगड़ाह उप मंडल में हरिपुरधार के निकट थोला गांव की होनहार बेटी प्रीति ने मिलिट्री नर्सिंग की परीक्षा पास की है और भारतीय सेवा में सेकण्ड लेफ्टिनेंट नर्सिंग बनने का मार्ग प्रशस्त कर प्रदेश सहित सिरमौर का नाम गौरवान्वित किया है । प्रीति की यह लगातार चौथी उपलब्धि है। प्रीति ने पहले कम्युनिटी हैल्थ आफिसर की परीक्षा पास की और उसके बाद स्टाफ नर्सिंग की परीक्षा पास करके शिमला के चमियाना मे आईजीएम सी के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में ज्वाइन किया। उसके बाद उन्होंने एम्स में नर्सिंग की परीक्षा पास करके हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित एम्स में स्टाफ नर्सिंग के पद पर ज्वाइन किया और अब उन्होंने मिलिट्री नर्सिंग की परीक्षा पास करके अपने क्षेत्र और मां-बाप का नाम रोशन किया है। प्रीति की प्रारंभिक पढ़ाई रूप तारा पब्लिक स्कूल गाताधार में हुई है और उन्होंने जमा दों की परीक्षा शिशु विद्या निकेतन नाहन से उतीर्ण की है। उसके बाद उन्होंने सिरमौर जिला के बड़ू साहब कालेज से बीएससी नर्सिंग की परीक्षा पास की ।

उसके उपरांत प्रीति ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार चार उपलब्धियां हासिल करके अब भारतीय सेवा की नर्सिंग परीक्षा पास करके प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रीति का एक भाई शुभम आईआईटी हमीरपुर से बीटेक की परीक्षा पास कर चुका है जबकि दूसरा भाई प्रियांशु मेडिकल कॉलेज चंबा से एमबीबीएस कर रहा है । प्रीति की माता हेमा ग्रहणी है जबकि उनके पिता लाल सिंह आयुष विभाग में आयुर्वेदिक अधिकारी के पद पर कार्यरत है । प्रीति अपने इस उपलब्धि के लिए अपने माता-पिता और गुरुजनों का आशीर्वाद मानती है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल सिरमौर और हिमाचल का नाम रोशन हुआ है अपित युवा पीढ़ी को भी प्रेरणा मिली है। यद्यपि अभी प्रीति ने यह फैसला नहीं किया है कि वह एम्स बिलासपुर में ही अपनी सेवाएं जारी रखेगी या भारतीय सेना को जॉइन करेगी परंतु प्रीति के गांव में उनके माता-पिता को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

Exit mobile version