Site icon Dainik Savera Times

2 दिनों का मनाली दौरा पूरा कर वापिस लौटी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

कूल्लू: भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय मनाली दौरे के बाद अब वापस दिल्ली लौट गई है। वीरवार सुबह राष्ट्रपति का काफिला मनाली से सासे हैलीपेड की ओर रवाना हुआ। इस दौरान भी राष्ट्रपति की झलक पाने के लिए मनाली में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ी। कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रपति का काफिला सासे हेलीपैड पहुंचा, जहां से वह हेलीकॉप्टर के माध्यम से अब वापस दिल्ली लौट गई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने भी राष्ट्रपति के सफल दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा जवानों का आदर व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवस के दौरे के चलते मनाली पहुंची थी। ऐसे में उन्होंने बीते दिन अटल टनल रोहतांग का भी दौरा किया और अटल टनल के नॉर्थ होटल में लाहौल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी मुलाकात की थी। शाम के समय राष्ट्रपति ने मनाली में माता हिडिंबा मंदिर का भी दौरा किया और वहां पर माता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंडी की सांसद कंगना रनौत, राज्यपाल कविंदर गुप्ता के साथ अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। बीती शाम के समय नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी भाजपा दल के विधायकों के साथ राष्ट्रपति के साथ मुलाकात की थी।

राष्ट्रपति के दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रशासन के सामने सुरक्षा के साथ-साथ सामान्य यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने की भी चुनौती थी। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया। दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासन, पुलिस, पर्यटन कारोबारियों और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा गया, ताकि राष्ट्रपति के कार्यक्रम में किसी तरह की परेशानी न आए।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version