Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

27 अप्रैल को हिमाचल दौरे पर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, यहां देखें पूरा शेड्यूल

April 17, 2026

27 अप्रैल को हिमाचल दौरे पर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, यहां देखें पूरा शेड्यूल

हिमाचल डेस्कः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का छह दिवसीय हिमाचल दौरा तय हो गया है। वह 27 अप्रैल को दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए हेलीकॉप्टर से शिमला पहुंचेंगी और 2 मई को दिल्ली लौटेंगी।

ये भी पढे़ं :-

वीरवार को सुबह 11 बजे मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में राष्ट्रपति के उप सचिव (सैन्य) ग्रुप कैप्टन अर्पित काला ने प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव अनिल मनकोटिया और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और पुलिस मुख्यालय के अधिकारी भी शामिल हुए।

दोपहर 2 बजे तक चली इस बैठक में राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद कैप्टन अर्पित काला दिल्ली लौट गए। राष्ट्रपति सचिवालय से दौरे का कार्यक्रम प्रदेश सरकार को प्राप्त हो चुका है। संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए शिमला सहित अन्य स्थानों पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 18 अप्रैल को मुख्य सचिव संजय गुप्ता की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में दौरे को अंतिम रूप दिया जाएगा।

राष्ट्रपति के कार्यक्रम का शेड्यूल

27 अप्रैल: राष्ट्रपति शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ठहरेंगी। पहले दिन औपचारिक गतिविधियों के साथ विश्राम और आंतरिक बैठकें प्रस्तावित हैं।

29 अप्रैल: राष्ट्रपति लाहौल-स्पीति के सिस्सू हेलीपैड पहुंचकर अटल रोहतांग सुरंग का निरीक्षण करेंगी। यहां वह नॉर्थ पोर्टल से साउथ पोर्टल तक पैदल भ्रमण करेंगी। इस दौरान सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी टनल की तकनीकी जानकारी और प्रस्तुतीकरण देंगे। फोटो सेशन और मॉडल रूम में विस्तृत ब्रीफिंग भी तय है।

30 अप्रैल: राष्ट्रपति पालमपुर स्थित हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान वह छात्रों को डिग्रियां प्रदान करेंगी और संबोधित भी करेंगी। इसी दिन शाम को वह शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड का दौरा करेंगी, जहां सेना की प्रशिक्षण गतिविधियों और व्यवस्थाओं का अवलोकन करेंगी।

1 मई: मशोबरा में “एट होम” समारोह आयोजित होगा, जिसमें राज्य के गणमान्य लोग शामिल होंगे। इसके अलावा कुछ निर्धारित मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं।

2 मई: राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ और वहां से विमान द्वारा दिल्ली लौटेंगी।

ये भी देखें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें