Site icon Dainik Savera Times

शिक्षकों का अनशन जारी, 24 मांगों पर सरकार से आर-पार की तैयारी

Primary Teachers’ Protest Enters Day 72 : शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का शिक्षा निदेशालय के बाहर चल रहा क्रमिक अनशन सोमवार को 72वें दिन भी जारी रहा। सिरमौर के संगड़ाह ब्लॉक के शिक्षकों ने अनशन में शामिल होकर सरकार से मांगों पर जल्द ठोस निर्णय लेने की अपील की। संघ ने कहा कि आंदोलन के अगले चरण में 68 विधायकों को मांग-पत्र सौंपा जाएगा और शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना दिया जाएगा।

जिला सिरमौर के पीटीएफ ब्लॉक संगड़ाह के पदाधिकारियों ने क्रमिक अनशन में हिस्सा लिया। इनमें ब्लॉक अध्यक्ष कमल शर्मा, जिला पीटीएफ कार्यकारिणी के सलाहकार राजेंद्र सिंह, सह-सचिव जगपाल सिंह, सह-सचिव मीडिया वेद प्रकाश तथा ब्लॉक कार्यकारिणी के सह-सचिव भागचंद शामिल रहे। शिक्षकों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। संघ के अनुसार, आंदोलन को सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी समर्थन मिल रहा है।

रविवार को बिलासपुर सदर टीम के साथ सेवानिवृत्त बीईईओ यशवंत ठाकुर भी अनशन पर बैठे। उन्होंने कहा कि करीब 40 हजार सेवानिवृत्त शिक्षक भी प्राथमिक शिक्षक संघ के साथ खड़े हैं। उन्होंने सरकार से 23 सितंबर 2025 की न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली संबंधी अधिसूचना वापस लेने और संघ की अन्य 24 मांगों को पूरा करने की मांग की। संघ ने बताया कि आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 2 अक्तूबर से राज्य, जिला, खंड और महिला विंग के पदाधिकारी काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य कर रहे हैं।

3 अक्तूबर से प्रदेशभर में शिक्षक कर्मचारियों के साथ एमडीएम वर्कर भी काले बिल्ले लगाकर काम कर रहे हैं। संघ ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को मांग-पत्र सौंपा जाएगा। इसके बाद शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। गौरतलब है कि प्राथमिक शिक्षक संघ ने 11 जुलाई को पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से शिमला पहुंचने और 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना देने के बाद क्रमिक अनशन शुरू किया था।

संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उसकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Exit mobile version