शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का अपनी मांगों को लेकर क्रमिक अनशन सोमवार को 86वें दिन भी निदेशालय स्कूल शिक्षा, शिमला में जारी रहा। आंदोलन के तहत जिला हमीरपुर के पीटीएफ ब्लॉक हमीरपुर के पदाधिकारियों ने अनशन में भाग लेकर शिक्षकों की न्यायोचित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन पूरी एकजुटता और गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा।
क्रमिक अनशन में पीटीएफ ब्लॉक हमीरपुर के अध्यक्ष नरेश शर्मा, मुख्य महालेखाकार सुभाष कासना, कोषाध्यक्ष जीवन कुमार, हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रवक्ता संजीव कुमार और महालेखाकार वरुण ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान शिक्षकों ने प्रदेश सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान करने की अपील की।
संघ के अनुसार, शिक्षकों का यह आंदोलन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। दो अक्तूबर को शिमला में राज्य, जिला, खंड और महिला विंग के पदाधिकारियों ने काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करने के अभियान की शुरुआत की थी। तीन अक्तूबर से प्रदेशभर में शिक्षक और मिड-डे मील वर्कर भी काले बिल्ले लगाकर काम कर रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी स्कूलों में पहुंचकर काले बिल्ले लगाकर आंदोलन को समर्थन दिया है।
संघ ने आगामी रणनीति के तहत विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को शिक्षकों की मांगों का ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। वहीं, शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
गौरतलब है कि शिक्षक संघ की पैदल न्याय यात्रा 11 जुलाई को शिमला पहुंची थी। इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना दिया गया और फिर क्रमिक अनशन शुरू हुआ। संघ के मुताबिक, आंदोलन को शुरू हुए 101 दिन हो चुके हैं। संगठन ने दोहराया कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)

