Site icon Dainik Savera Times

चेक बाउंस के चार मामलों में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

Proclaimed Offender Arrested in Four Cheque Bounce Cases : शिमला। पुलिस ने फरार उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के अभियान के तहत रोहड़ू के हरदेव (46) को कोटखाई से गिरफ्तार किया है। आरोपी चेक बाउंस के चार मामलों में अदालतों में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

 

आरोपी की पहचान हरदेव (46) निवासी तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसे 9 नवंबर 2026 को कोटखाई से गिरफ्तार किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हरदेव के खिलाफ धारा 138 नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट (एनआई एक्ट) के तहत चेक बाउंस से संबंधित कुल चार मामले विभिन्न माननीय अदालतों में विचाराधीन हैं। इन मामलों में आरोपी के खिलाफ लंबे समय से न्यायालयीन कार्रवाई चल रही थी। अदालतों में पेश न होने के चलते संबंधित न्यायालयों ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।

आरोपी के खिलाफ विचाराधीन मामलों में पीएनबी रोहड़ू बनाम हरदेव, देसराज दिल्टा बनाम हरदेव, सुरेश कुमार बनाम हरदेव शर्मा तथा हरबंस बनाम हरदेव सिंह शामिल हैं। इन सभी मामलों में न्यायालयों द्वारा जारी आदेशों के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी कड़ी में पीओ सेल उपमंडल रोहड़ू की टीम ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए उसके संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की और उसे कोटखाई से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि शिमला पुलिस की ओर से न्यायालयों के आदेशों की अवहेलना कर फरार चल रहे उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न पुलिस थानों और पीओ सेल की टीमें लगातार ऐसे आरोपियों की तलाश कर रही हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और कानून से बच रहे आरोपियों को अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version