Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

सोलन: जाडली के नशा तस्कर गल्लू की 6.34 करोड़ की संपत्ति जब्त

October 28, 2025

सोलन: जाडली के नशा तस्कर गल्लू की 6.34 करोड़ की संपत्ति जब्त

सोलन: सोलन पुलिस ने वर्षों से नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई जाडली निवासी एक बुजुर्ग और उसके रिश्तेदारों की करीब 6 करोड़ 34 लाख रुपए की संपत्ति को जब्त कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के सौदागरों में हडकंप मचा हुआ है। पिछले एक वर्ष के दौरान 37 आरोपियों की 15 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्तियों को जब्त किया जा चुका है। बता दें कि बीते 18 सितंबर, 2025 को सोलन पुलिस को लंबे अरसे के बाद कुनिहार के समीप जाडली में चल रहे नशे के अवैध धंधे के आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली थी। आरोपी दीपक भोजनालय व होमस्टे के संचालक 72 वर्षीय धनी राम उर्फ गल्लू के घर की तलाशी के दौरान उसके घर से 1 किलो 624 ग्राम अफीम और 1 किलो 622 ग्राम चरस बरामद हुई थी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके उसकी पूरी पृष्ठभूमि को खंगालना शुरू किया तो कई खुलासे होने लगे। आरोपी कई दशकों से नशे के कारोबार से चांदी कूट रहा था और अपने व रिश्तेदारों के नाम पर करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित कर ली थी। पिछले डेढ़ वर्षों से सोलन पुलिस उसे रंगे हाथों गिरफ्तार करने की ताक में थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपी ने ड्रग्स के अवैध कारोबार से अपने व अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर काफी अधिक संपत्ति अर्जित की है, जिस पर अभियोग में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार फाइनेंशियल इंवेस्टीगेशन अमल में लाई गई।

जांच में पाया गया कि आरोपी धनी राम किसी प्रकार का काम धंधा या व्यवसाय नहीं करता था और छोटे-मोटे तरीके से साल में कुल 18000 रुपए ही कमाता था। आरोपी ने लंबे समय से नशा तस्करी करके न केवल अपने नाम पर बल्कि अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर भी बहुतायत संपत्ति, जिनमें आलीशान पांच मंजिला मकान का निर्माण, रेस्टोरेंट और होम स्टे का निर्माण और कमर्शियल व्हीकल्स जैसे जेसीबी, टिप्पर और अन्य गाड़ियां, सोने के गहने और बैंक अकाउंट में कैश आदि की अवैध संपत्तियां अर्जित की हैं, जो जिला पुलिस द्वारा आरोपी धनी राम की 6 करोड़ 34 लाख रुपए से ज्यादा की इन अवैध संपत्तियों को जब्त कर लिया गया है।

एसपी गौरव सिंह ने बताया कि जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी धनी राम उर्फ गल्लू के विभिन्न बैंक खातों में पिछले कुछ सालों में ही 3 करोड़ रुपए से ज्यादा का लेनदेन होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ कुछ अन्य मामले भी दर्ज हैं, जिससे यह साबित होता है कि आरोपी धनी राम न केवल इस इलाके का एक बहुत बड़ा नशा तस्कर है बल्कि वह एक आपराधिक प्रवृत्ति का इंसान भी है। एसपी ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान 37 आरोपियों की 15 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्तियों को जब्त किया जा चुका है और यह कार्रवाई लगातार जारी है।

ये भी पढ़ें : Israel Iran US War: 50 फाइटर जेट से खामेनेई के बंकर पर बरसाए बम, इजरायली सेना ने जारी किया वीडियो

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें