हिमाचल डेस्कः प्रदेश के सैंज में पंजाब के पर्यटकों द्वारा स्थानीय लोगों के साथ गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। पर्यटकों ने पहले पैदल राहगीर को कार से टक्कर मारी, फिर तेजधार हथियार से हमला किया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
ये भी पढ़ें :-
पुलिस को शिकायतकर्ता शेर सिंह (58), निवासी गांव धरमेहड़ा, डाकघर रोपा, सैंज (कुल्लू) ने बताया कि 10 मई को शाम करीब 6:30 बजे वह अपनी दुकान से सब्जी लेकर रेस्ट हाउस रोपा की ओर जा रहे थे। तभी रोपा चौक की ओर से आ रही PB नंबर वाली कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क से नीचे गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही यादव देव निवासी पटाहरा और मोती राम निवासी बनाऊगी मौके पर पहुंचे तथा पर्यटकों से पूछताछ करने लगे। इस पर कार सवार चालक मनदीप (27, निवासी खन्ना, लुधियाना, पंजाब) और उसके साथी प्रदीप सिंह, प्रीतपाल सिंह व जसन प्रीत ने तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इससे मोती राम और यादव देव जख्मी हो गए।
स्थानीय लोग थाना सैंज पहुंचे और पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए। युवाओं द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने मामला तूल पकड़ लिया है। घाटीवासियों में रोष व्याप्त है और उन्होंने शरारती तत्वों पर शिकंजा कसने की मांग की है।
इस मामले को लेकर एसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।
ये भी पढ़ें :-

