Last Updated: November 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

पठानकोट से चंबा तक नई रेलवे लाइन बिछाने की पहल, हर्ष महाजन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

November 28, 2026

पठानकोट से चंबा तक नई रेलवे लाइन बिछाने की पहल, हर्ष महाजन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

Rail Connectivity to Boost Tourism and Development in Chamba : शिमला। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश के आकांक्षी जिला चंबा को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है।

उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर पठानकोट से चंबा तक नई रेलवे लाइन के निर्माण के लिए विस्तृत सर्वेक्षण करवाने और इस परियोजना को रेलवे की भावी योजनाओं में प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने का आग्रह किया है। हर्ष महाजन ने कहा कि चंबा हिमाचल प्रदेश के अत्यंत दुर्गम एवं पिछड़े जिलों में शामिल है। पठानकोट से चंबा की दूरी लगभग 125 किलोमीटर है, लेकिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आज भी चंबा रेल कनेक्टिविटी से वंचित है। ऐसे में पठानकोट रेलवे स्टेशन एवं रेलवे डिवीजन के माध्यम से चंबा को रेल नेटवर्क से जोड़ना क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रेलवे लाइन से डलहौजी, खज्जियार, भरमौर, पांगी, चुराह एवं भटियात सहित समूचे चंबा जिले को व्यापक लाभ मिलेगा। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। महाजन ने कहा कि चंबा जिला अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति के कारण विशेष महत्व रखता है।

रेलवे सुविधा उपलब्ध होने से जिले की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों का देश के प्रमुख शहरों से संपर्क और अधिक सुगम होगा। राज्यसभा सांसद ने कहा कि आकांक्षी जिला चंबा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए परिवहन सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। रेलवे लाइन का निर्माण न केवल पर्यटन की दृष्टि से लाभकारी होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हर्ष महाजन ने केंद्रीय रेल मंत्री से पठानकोट-चंबा प्रस्तावित रेलवे लाइन का विस्तृत व्यवहार्यता सर्वेक्षण (फीजिबिलिटी सर्वे) एवं आवश्यक प्रारंभिक अध्ययन करवाने का अनुरोध किया है।

उन्होंने आग्रह किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को रेलवे की आगामी विकास योजनाओं में शामिल करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सकारात्मक हस्तक्षेप से चंबा जिले के लोगों की वर्षों पुरानी रेल संपर्क की आकांक्षा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। यह परियोजना भविष्य में चंबा जिले के विकास का नया अध्याय लिखने में सहायक सिद्ध होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें