Dainik Savera Times

न्यूयॉर्क में प्रवासी भारतीयों से रूबरू हुए राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार, ‘विकसित भारत 2047’ में योगदान देने का किया आह्वान

शिमलाः राज्यसभा सांसद प्रो. डॉ. सिकंदर कुमार ने न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय (Diaspora) एवं ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ द्वारा आयोजित एक विशेष संवाद सत्र एवं गरिमामय रात्रिभोज में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। यह कार्यक्रम भारत के महावाणिज्य दूत (Consul General of India) बिनय श्रीकांत प्रधान के विशेष आमंत्रण पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अमेरिका में रह रहे प्रवासी भारतीय, शिक्षाविद्, उद्योगपति एवं प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. डॉ. सिकंदर कुमार ने भारतीय महावाणिज्य दूत बिनय श्रीकांत प्रधान का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन और प्रवासी समुदाय को एक मंच पर लाने के उनके सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की।

2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प में प्रवासियों की भागीदारी अनिवार्य

उपस्थित प्रवासी भारतीयों से संवाद करते हुए प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को एक पूर्ण ‘विकसित राष्ट्र’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने का दृढ़ संकल्प लिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस राष्ट्रीय महायज्ञ में दुनिया भर में फैले प्रवासी भारतीयों का योगदान रीढ़ की हड्डी के समान है।

प्रो. कुमार ने कहा कि प्रवासी भारतीय विदेशों में हमारे देश के सबसे मजबूत सांस्कृतिक एवं विकास के राजदूत हैं। आपके सक्रिय सहयोग और सहभागिता के बिना ‘विकसित भारत 2047’ का यह महत्वाकांक्षी लक्ष्य अधूरा है। मातृभूमि के प्रति आपका समर्पण और वैश्विक स्तर पर आपकी उपलब्धियां भारत की प्रगति को नई गति दे रही हैं।

संवाद के दौरान राज्यसभा सांसद ने पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए भारत के ढांचागत, आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी बदलावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है और वैश्विक मंचों पर एक मजबूत नेतृत्वकर्ता के रूप में उभर रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रवासी भारतीयों ने एक स्वर में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विगत दशक में हुई ऐतिहासिक तरक्की की सराहना की। समुदाय के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि भारत को आने वाले समय में पुनः ‘विश्व गुरु’ के पद पर आसीन करने के लिए वैश्विक प्रवासी समुदाय (Global Diaspora) अपना पूर्ण सामर्थ्य, बौद्धिक क्षमता और संसाधन समर्पित करने के लिए पूरी तरह तत्पर है।

कार्यक्रम के अंत में आपसी विचारों का आदान-प्रदान हुआ और रात्रिभोज के साथ संवाद सत्र संपन्न हुआ। प्रो. सिकंदर कुमार ने सभी प्रवासियों को भारत के विकास की यात्रा में निरंतर भागीदार बने रहने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version