Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का बयान उनकी हताशा और मानसिक दिवालियापन का परिचायक: MP सिकंदर कुमार

August 24, 2026

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का बयान उनकी हताशा और मानसिक दिवालियापन का परिचायक: MP सिकंदर कुमार

शिमलाः राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा द्वारा देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि पवन खेड़ा द्वारा गृह मंत्री के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से इस्तेमाल की गई असंसदीय भाषा कांग्रेस पार्टी की हताशा, बौखलाहट और गिरते राजनीतिक स्तर को उजागर करती है।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि लगातार जनता द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस नेता मानसिक संतुलन खो चुके हैं। लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद और नीतियों की आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन मर्यादाओं की सीमाएं लांघकर देश के गृह मंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना अशोभनीय और अस्वीकार्य है। यह न केवल सार्वजनिक जीवन की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि देश के कानून का भी खुला उल्लंघन है।

सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि पवन खेड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 356 (मानहानि) और धारा 352 (शांति भंग कराने के आशय से जानबूझकर अपमान) सहित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर तुरंत कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए संबंधित वीडियो, ऑडियो एवं सोशल मीडिया बयानों के मूल एवं डिजिटल साक्ष्यों को विधिपूर्वक सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच अमल में लाई जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने प्रवक्ताओं को मर्यादित भाषा में बात करने की नसीहत देनी चाहिए। राजनीति में ऐसी ओछी बयानबाजी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून के सामने सभी समान हैं और किसी को भी गरिमापूर्ण पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों की मानहानि करने की छूट नहीं दी जा सकती।

 

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें