Site icon Dainik Savera Times

राजनीतिक प्रतिशोध में भाजपा नेताओं पर मामले बना रही सरकार : राकेश शर्मा

शिमलाः प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार राजनीति प्रतिशोध के चलते भाजपा नेताओं पर मामले बना रही है। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के बजाय सरकार राजनीतिक स्वार्थ के लिए भाजपा नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार प्रशासन का राजनीतिकरण करने पर उतारू है।

शुक्रवार को जारी प्रेस बयान में भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अपराध और कानून-व्यवस्था की चुनौतियां बढ़ रही हैं और सरकार राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में भाजपा नेताओं के खिलाफ जिस प्रकार एक के बाद एक मामले दर्ज किए गए, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार पुलिस का उपयोग राजनीतिक प्रतिशोध के औजार के रूप में कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, विधायक सुधीर शर्मा, विधायक आशीष शर्मा, विधायक होशियार सिंह सहित अनेक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई, जो कि राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है। अपराध नियंत्रण, नशा, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा जैसे वास्तविक मुद्दों पर सरकार विफल रही है, लेकिन विपक्षी नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। कांग्रेस राज में प्रतिशोध की भावना से भाजपा नेताओं पर की जा रही कार्रवाई की हकीकत जनता जानती है तथा कांग्रेस को जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version