Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal से रामभक्त आस्था एक्सप्रेस में जाएंगे आयोध्या, Una से चलेगी 29 जनवरी को पहली ट्रेन

January 20, 2024

Himachal से रामभक्त आस्था एक्सप्रेस में जाएंगे आयोध्या, Una से चलेगी 29 जनवरी को पहली ट्रेन

ऊना (राजीव भनोट) : आयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है, जिसके गर्भगृह की प्राण प्रतिष्ठा राम लला की मूर्ति के साथ 22 जनवरी को हो रही है। आयोध्या में राम मंदिर को लेकर जिस प्रकार हर वर्ग में उत्साह है, ऐसे में हिमाचल के रामभक्तों को आयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करवाने की ट्रेन की सुविधा विशेष रूप से आस्था एक्सप्रेस के रूप में की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में इस अभियान को सामाजिक व धार्मिक अभियान के नाते सहयोगी के रूप में रखा है। रामभक्तों को आयोध्या दर्शन करवाने की समिति का संयोजक संजीव कटवाल को बनाया गया है।

संजीव कटवाल ने बताया कि प्रदेशभर से 6000 श्रद्धालुओं को प्रथम चरण में आयोध्या भेजने का लक्ष्य है, जो कि रेलवे विभाग से विशेष गाडिय़ां आस्था एक्सप्रेस के माध्यम से यह यात्रा करेंगे। उन्होंने बताया कि पहली आस्था एक्सप्रेस ट्रेन 29 जनवरी को जिला ऊना के अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से सुबह 6 बजे चलेगी। यह ट्रेन ऊना-नंगल डैम-चंडीगढ़ होते हुए आयोध्या रेलवे स्टेशन पर रात्रि 2 बजकर 55 मिनट पर पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि करीब 19 घंटे का यह सफर रहेगा। 31 जनवरी को यह ट्रेन वापस आयोध्या से रात्रि 12 बजकर 40 मिनट से चलेगी, जो कि ऊना में एक फरवरी को शाम 7 बजकर 40 मिनट पर पहुंचेगी।

उन्हाेंने कहा कि 30 जनवरी सुबह से लेकर रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालु आयोध्या मंदिर व आसपास का भ्रमण कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए रामभक्त जिला व मंडल स्तर पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए आने-जाने का शुल्क 1500 रुपये रहेगा। जिसमें ट्रेन में भोजन भी उपलब्ध करवाया जाएगा। ट्रेन सेवा के प्रभारी प्रदेश भाजपा सदस्य नवीन कुमार रहेंगे, जबकि ट्रेन में हर कोच का प्रभारी भी तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आस्था एक्सप्रेस टे्रन में 20 स्लिपर कोच रहेंगे। प्रत्येक कोच में 64 रामभक्त यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु जिनका पंजीकरण किया जाएगा, उन्हें समय व तिथि यात्रा सूचित की जाएगी। क्योंकि एक ट्रेन में 1300 रामभक्त ही जा पाएंगे। जबकि प्रदेश से 6 हजार से अधिक रामभक्तों को आयोध्या भेजने की योजना है। पंजीकरण के अनुसार 2 से 3 या अधिक विशेष आस्था एक्सप्रेस ट्रेन बुक करवाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि सभी रामभक्त जो आयोध्या की यात्रा कर रामलला के दर्शन करना चाहते हैं, वो इस विशेष आस्था एक्सप्रेस टे्रन का लाभ उठा सकते हैं। इसमें पंजीकरण करवाने में स्थानीय जिला व मंडल के भाजपा प्रतिनिधि भी सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर को लेकर देश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में उत्साह है और यह हमारी जिम्मेदारी है, जो रामभक्त आयोध्या में रामलला के दर्शन करना चाहते हैं। उनके लिए सुविधा पूर्ण व्यवस्था पूरी की जाएं। इसके लिए प्रत्येक पंजीकृत रामभक्त के साथ संपर्क करने के लिए व सूचित करने के लिए टीमें तैनात कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिला ऊना में जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष बलवीर बग्गा व सामाजिक कार्यकर्ता राजीव भनोट व मण्डल व जिला प्रतिनिधियों से पंजीकरण को लेकर संपर्क किया जा सकता है,उन्होंने कहा कि की चिंतपूर्णी क्षेत्र से 150 से अधिक रामभक्तों का पंजीकरण कर लिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें