शिमला: राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के विरोध में सोमवार को शिमला शहरी एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने शहर में विरोध रैली निकाली। रैली के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस विरोध रैली में ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप राठौर, शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है और यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस मौके पर AICC प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने राम मंदिर में हुई चढ़ावे की चोरी को देश की करोड़ जनता की भावनाओं पर कुठाराघात बताया साथ ही मामले को बनाई गई SIT पर भी सवाल खड़े किए हैं।
AICC प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर के चंदे की चोरी को लेकर कांग्रेस आज सड़कों पर उतरी है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी जघन्य अपराध है और देश की सैकड़ो करोड़ जनता के विश्वास पर कुठाराघात है। कुलदीप राठौर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार राम के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन राम भगवान इन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने भाजपा पर धर्म का मजाक बनाने का गंभीर आरोप लगाया। राठौर ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रथ यात्रा कर रहे थे और हनुमान का वेश धर कर भाजपा का झंडा लिए उनका स्वागत किया जा रहा था। राठौर ने आरोप लगाया कि इस मामले में केवल छोटे लोगों को फसाया जा रहा है और बड़े मगरमच्छ खुले घूम रहे हैं। उन्होंने इस मामले पर बनी सल्ट के गठन पर भी सवाल खड़े किए. हालांकि कुलदीप सिंह राठौर ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट पर निष्पक्ष जांच का भरोसा जताया है।
हिमाचल कांग्रेस के शिमला शहरी जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भाजपा पिछले 30 वर्षों से राम के नाम पर राजनीति कर रही है। राम के नाम पर भाजपा सत्ता में आई लेकिन पिछले कई वर्षों से राम मंदिर से चंदा चोरी करने का काम कर रही है। चंदा चोरों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई हो इसको लेकर कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किया गया है। इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वे भगवान राम से प्रार्थना करेंगे कि चंदा चोरों को सद्बुद्धि दें। इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भगवान राम पर किसी का कॉपीराइट नहीं है। राम उनके भी आराध्य हैं, लेकिन भाजपा राम के नाम पर राजनीति करती आई है।
📍 Location: शिमला (शिमला)

