Site icon Dainik Savera Times

डंसा के पास सड़क से 50 मीटर नीचे गिरी एचआरटीसी बस, एक की मौत; 35 के करीब यात्री थे सवार

रामपुर: रामपुर उपमंडल के डंसा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सनेई/डंसा से रामपुर की ओर आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सुंडा के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका खनेरी अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे डंसा गांव के पास हुआ। बस रामपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस सड़क से नीचे लुढ़क गई। बस के नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालकर निजी वाहनों की मदद से महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी पहुंचाना शुरू किया। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और वन विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर भेजा गया। खनेरी अस्पताल में घायलों के उपचार के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को अलर्ट किया गया।

दिनेश शर्मा ने बताया कि सनेई से रामपुर की ओर जा रही एचआरटीसी बस सुंडा के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। बस में काफी संख्या में सवारियां मौजूद थीं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया है। दो गंभीर घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है।

हालांकि मृतक और घायलों की पहचान तथा उनकी संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरने की बात सामने आ रही है। हादसा किस कारण हुआ, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही चल पाएगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version