Site icon Dainik Savera Times

रामपुर में कार सवार 3 लोगों से 11.5 ग्राम चिट्टा बरामद, 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे

रामपुर बुशहर। शिमला जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रामपुर पुलिस की डिटेक्शन टीम ने रचोली के समीप रोपड़ू नाला में एक कार की तलाशी के दौरान तीन लोगों से करीब 11.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर डिटेक्शन टीम की पुलिस पार्टी रचोली के नजदीक रोपड़ू नाला क्षेत्र में गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से कुल लगभग 11.5 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकेश (45) पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला, पंकज शर्मा (25) पुत्र रोशन लाल शर्मा निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला तथा पुष्पेंद्र उर्फ पुशी (32) पुत्र नीलम चंद निवासी तहसील निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

इस मामले में पुलिस थाना रामपुर में 13 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 134/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से पुलिस को उनका पांच दिन का रिमांड मिला है।

पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क की संलिप्तता तो नहीं है। साथ ही इस मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों और नशे की आपूर्ति के स्रोतों का भी पता लगाया जा रहा है।

शिमला पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version