शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के राजनीतिक आंदोलन के लिए हिमाचल प्रदेश की सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे आर्थिक संकट झेल रहे प्रदेश पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बार-बार सरकारी हेलीकॉप्टर से दिल्ली जाकर कांग्रेस के धरनों और रैलियों में भाग लेते हैं तथा उसी हेलीकॉप्टर से वापस लौटते हैं। उन्होंने दावा किया कि इन यात्राओं से सरकारी खजाने पर करोड़ों रुपये का आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस के राजनीतिक कार्यक्रमों का खर्च हिमाचल की जनता क्यों उठाए?
उन्होंने आरोप लगाया कि 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली के लिए हिमाचल प्रदेश से एचआरटीसी की लगभग 200 बसें भेजी गईं, जबकि इनमें से अनेक बसें आधी खाली थीं। इसके कारण पिछले तीन दिनों से लगभग 200 बस रूट प्रभावित रहे और यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानियां उठानी पड़ीं।
शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने इन बसों के इस्तेमाल के बदले एचआरटीसी को कोई किराया नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पहले से घाटे में चल रहे परिवहन निगम पर राजनीतिक कार्यक्रमों का खर्च डालना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि सरकार बताए कि कितनी बसें दिल्ली भेजी गईं, कितने रूट प्रभावित हुए, कुल किराया कितना बना और एचआरटीसी को कितना भुगतान प्राप्त हुआ।
रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि दिल्ली स्थित हिमाचल भवन और हिमाचल सदन को कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए कमरे बुक किए जा रहे हैं तथा आंदोलन संबंधी बैठकें इन सरकारी परिसरों में आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अतिथि गृह किसी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं हैं। सरकार को इनके उपयोग, बुकिंग और भुगतान का पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।
शर्मा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर एसआईआर, ईवीएम तथा कथित वोट चोरी के मुद्दों पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से संबंधित शिकायतें प्रमाणों सहित संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष रखी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत पदयात्राओं, प्रेस वार्ताओं, प्रबुद्धजन संगोष्ठियों तथा युवा संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक तथ्य पहुंचाएगी।
रणधीर शर्मा ने मांग की कि सरकारी हेलीकॉप्टर की यात्राओं, एचआरटीसी बसों तथा हिमाचल भवन और सदन के कथित राजनीतिक उपयोग की निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने कहा, “कांग्रेस सरकार को सरकारी खजाने से खर्च किए गए एक-एक रुपये का हिसाब देना होगा। हिमाचल की जनता के पैसे का राजनीतिक दुरुपयोग भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी।”
📍 Location: शिमला (शिमला)

