RBI Ombudsman’s Awareness Programme : कुल्लू। सुंदरनगर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में आरबीआई ओम्बड्समैन रमेश चंद ने बैंकिंग शिकायतों के निःशुल्क एवं त्वरित समाधान की जानकारी दी। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने और संदिग्ध कॉल, लिंक व संदेशों पर बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील की।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक तथा हिमाचल प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न बैंक शाखाओं के अधिकारी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, युवा, पेंशनभोगी, स्थानीय व्यापारी एवं बैंक ग्राहक शामिल हुए। रमेश चंद ने योजना की उपभोक्ता-केंद्रित विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि ‘एक देश–एक ओम्बड्समैन’ की अवधारणा के तहत बैंकों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों और भुगतान प्रणाली संचालकों के विरुद्ध शिकायतों के निःशुल्क, त्वरित एवं निष्पक्ष निवारण की व्यवस्था उपलब्ध है।
उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी साझा न करें तथा डेबिट और क्रेडिट कार्ड का सुरक्षित उपयोग करें। कार्यक्रम में आरबीआई शिकायत प्रबंधन पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। अधिकारियों ने बैंकिंग सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आंतरिक शिकायत निवारण व्यवस्था का प्रभावी उपयोग करने की जानकारी दी। अंत में संवादात्मक सत्र में प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया गया। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।