कुल्लू: जल शक्ति मंडल आनी के अधिशासी अभियंता से प्राप्त सूचना के अनुसार जल शक्ति मंडल आनी में ‘पैरा कुक’ और ‘पैरा हेल्पर’ के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जल शक्ति विभाग की पैरा पॉलिसी के तहत इन पदों को भरा जा रहा है, जिसके लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 22 सितंबर से 09 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के तहत पैरा कुक का एक पद (अनारक्षित) और पैरा हेल्पर का एक पद (अनारक्षित) भरा जाएगा। पैरा कुक के लिए 9,000 प्रति माह और पैरा हेल्पर के लिए 5,500 प्रति माह का मानदेय तय किया गया है। इन पदों के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए और आवेदक का जल शक्ति सर्कल कुल्लू क्षेत्र का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। दोनों ही पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास है।
पैरा कुक के पद के लिए आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त होटल मैनेजमेंट संस्थान से डिग्री/डिप्लोमा होना चाहिए या फिर किसी सरकारी या निजी संस्थान में कुकिंग का न्यूनतम 5 वर्ष का अनुभव होना जरूरी है। आवेदकों को आवेदन फॉर्म के साथ एक अलग शपथ पत्र भी जमा करना होगा, जिसमें यह प्रमाणित करना होगा कि उनके परिवार का कोई भी सदस्य किसी भी प्रकार की सरकारी, पीएसयू या बोर्ड की नौकरी में नहीं है।
योग्य उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप पर अपने सभी आवश्यक प्रमाणित/स्व-प्रमाणित दस्तावेजों की कॉपियों के साथ अपना आवेदन अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल आनी के कार्यालय में 09 अक्टूबर 2026 को शाम 5:00 बजे तक जमा कर सकते हैं। उम्मीदवार आवेदन फॉर्म को जल शक्ति उप-मंडल आनी, शोवाद, दलाश, निथर और निरमंड के सहायक अभियंता कार्यालयों से किसी भी कार्यदिवस पर प्राप्त कर सकते हैं।
निर्धारित अंतिम तिथि के बाद मिलने वाले या अधूरे आवेदनों को बिना किसी सूचना के रद्द कर दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया, योग्यता और मूल्यांकन के मानदंडों से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.jsv.hp.gov.in पर जा सकते हैं या कार्यालय के दूरभाष नंबर 01904-253339 पर संपर्क कर सकते हैं।
📍 Location: KULLU (Kullu)

