Site icon Dainik Savera Times

करसोग में रेड क्रॉस सोसायटी ने लगाया स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 38 लोगों ने किया रक्तदान

करसोग: जिला रेड क्रॉस सोसायटी की करसोग यूनिट द्वारा आज नागरिक चिकित्सालय करसोग में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एसडीएम करसोग अलीशा चौहान ने किया। शिविर में कुल 38 लोगों ने रक्तदान किया। इनमें एक महिला और 37 पुरुष रक्तदाता शामिल हैं।

इस अवसर पर एसडीएम अलीशा चौहान ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक उत्कृष्ट माध्यम है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना या गंभीर बीमारी के दौरान पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान से एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के प्रति जागरूक होना चाहिए और इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। रक्तदान के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने में सहायता मिलती है।

शिविर के आयोजन का उद्देश्य लोगों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान देना रहा। एसडीएम ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने के लिए मंडी से करसोग पहुंची स्वास्थ्य विभाग की समस्त टीम, कैंप में सहयोग देने वाले करसोग अस्पताल के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के समस्त रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया है।

इस अवसर पर तहसीलदार करसोग पृथी चंद, नायब तहसीलदार राहुल शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version