Releases ₹15.75 Crore for Development Works : शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के भटवाड़ी और काशापाट प्रवास के दौरान की गई नौ घोषणाओं को अमलीजामा पहनाते हुए सरकार ने 15.75 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इसमें स्कूल भवन, पुल, फुट ब्रिज, सड़क सुधार, क्रैश बैरियर और अंबेडकर भवन समेत विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों से किए वादों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को धनराशि जारी कर विकास कार्यों में तेजी सुनिश्चित की है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की इस मांग को प्राथमिकता देते हुए घोषणा की थी, जिसे अब योजना विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसी प्रकार, काशापाट स्कूल के नए भवन के निर्माण के लिए भी दो करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। इस तरह मुख्यमंत्री ने बच्चों से किया अपना वायदा निभाते हुए शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने अपने प्रवास के दौरान जनता की मांगों को गंभीरता से सुना और अब उनकी घोषणाओं के अनुरूप धनराशि जारी कर यह सुनिश्चित किया है कि विकास कार्यों को शीघ्र गति मिल सके।
उनके प्रवास के दौरान स्थानीय लोगों की मांगों पर की गई कुल नौ घोषणाओं के लिए 15.75 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। इससे क्षेत्र में सड़क, पुल, फुट ब्रिज, क्रैश बैरियर तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के तांगणू-जांगलिक पंचायत क्षेत्र में स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सुंदरु खड्ड पर पुल निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी, जिसके लिए धनराशि अब जारी कर दी गई है। इसके अतिरिक्त बरशील पुल के लिए एक करोड़ रुपये तथा शिशारा में फुट ब्रिज के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी जारी की गई है।
इसके अलावा रोहड़ू में अंबेडकर भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। इस संबंध में योजना विभाग द्वारा स्वीकृति पत्र लोक निर्माण विभाग को भेज दिया गया है। इसी प्रकार, रामपुर विधानसभा क्षेत्र के काशापाट में स्थानीय लोगों की मांग को पूरा करते हुए धनदोल से काशापाट तक क्रैश बैरियर लगाने के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। जबल से खाबल सड़क के सुधार तथा क्रैश बैरियर लगाने के लिए भी दो करोड़ रुपये स्वीकृति किए गए हैं। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम केवल जनसंवाद का माध्यम नहीं बन रहा बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और मौके पर किए गए वायदों को धरातल पर उतारने का प्रभावी माध्यम बन गया है।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, आम लोगों की मांगों को संवेदनशीलता से सुनना और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की कार्यशैली की विशेष पहचान बनकर उभरा है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक धनराशि जारी की जा रही है।

