Site icon Dainik Savera Times

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की चुनौतियों पर मंथन

 
Responsible Journalism Takes Priority Over Sensationalism : मंडी। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य पर सोमवार को उप मंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय सुंदरनगर में उपमंडलाधिकारी (ना.) अमर नेगी की अध्यक्षता में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उपमंडल के विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। इस दौरान प्रेस क्लब सुंदरनगर के प्रधान बलविंदर सोढ़ी सहित पत्रकारों ने एसडीएम अमर नेगी को सम्मानित किया। इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस का विषय ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ रहा, जिस पर उपस्थित पत्रकारों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया। एसडीएम अमर नेगी ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में समाचारों को सबसे पहले प्रसारित करने का दबाव रहता है, लेकिन इसके बावजूद तथ्यों की पुष्टि, खबरों की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना पत्रकारों की सराहनीय भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और समाज तथा प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम भी है। जनसमस्याओं को उजागर करने, सरकारी योजनाओं एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने तथा सामाजिक जागरूकता पैदा करने में मीडिया की अहम भूमिका रहती है।

उन्होंने पत्रकारों से भविष्य में भी निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने भी वर्तमान समय में पत्रकारिता के समक्ष आ रही चुनौतियों, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर उपमंडल सुंदरनगर के पत्रकार रोशन शर्मा, गगन शर्मा, राकेश शर्मा, सचिन शर्मा, उमेश शर्मा, रोहित कौशल, लीलाधर शर्मा, कुलभूषण चब्बा, विजय शर्मा, युसूफ अंसारी और देवेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version